PET परीक्षा के लिए मुरादाबाद मंडल के रेलवे स्टेशनों पर विशेष इंतजाम, पांच स्पेशल ट्रेनों का संचालन

लव इंडिया मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) के मद्देनजर उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल में परीक्षार्थियों और यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं। रेलवे प्रशासन ने प्रमुख स्टेशनों पर सहायता केंद्र, चिकित्सा बूथ, सुरक्षा बलों की तैनाती और टिकट व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए।

मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, बिजनौर, अमरोहा, हरदोई, बुलंदशहर, हापुड़ और सीतापुर सिटी समेत प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए स्टेशन स्टाफ को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए।

हेल्प डेस्क और सुरक्षा व्यवस्था

परीक्षार्थियों की सहायता के लिए स्टेशनों पर हेल्प डेस्क और चिकित्सा सहायता बूथ बनाए गए। रेलवे सुरक्षा बल (RPF), राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) और टिकट चेकिंग स्टाफ की तैनाती के साथ स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज और सर्कुलेटिंग एरिया में निगरानी रखी गई।

उद्घोषणा प्रणाली और सहायता केंद्रों के माध्यम से ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान तथा प्लेटफॉर्म की जानकारी उपलब्ध कराई गई। टिकट लेने में सुविधा के लिए ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM), अनारक्षित और आरक्षित टिकट काउंटरों पर व्यवस्थाएं की गईं। यात्रियों को RailOne ऐप से डिजिटल टिकट बुक करने की जानकारी भी दी गई।

अधिकारियों ने संभाली व्यवस्थाओं की निगरानी

मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव और वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त ऋषि कुमार शुक्ला ने व्यवस्थाओं की निगरानी की। बरेली जंक्शन पर सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक (द्वितीय) अंकित शर्मा तथा बिजनौर स्टेशन पर सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक (प्रथम) एच.एस. मीना ने परीक्षार्थियों के सुगम और सुरक्षित आवागमन पर नजर रखी।

मंडल कार्यालय स्थित वार रूम से स्टेशनों, प्लेटफॉर्मों और ट्रेनों की स्थिति की निगरानी की गई। अधिकारियों ने विभिन्न स्टेशनों का निरीक्षण भी किया। इस दौरान स्टेशनों और ट्रेनों में साफ-सफाई के लिए विशेष प्रबंध किए जाने की जानकारी दी गई।

परीक्षार्थियों के लिए पांच विशेष ट्रेनें

रेलवे प्रशासन के अनुसार, परीक्षार्थियों की अतिरिक्त यात्रा आवश्यकता को देखते हुए मंडल में पांच विशेष ट्रेनों का संचालन किया गया। इनका विवरण इस प्रकार है:

  • 04322: मुरादाबाद–लखनऊ स्पेशल
  • 04321: लखनऊ–मुरादाबाद स्पेशल
  • 04324: मुरादाबाद–लखनऊ स्पेशल
  • 04325: शाहजहांपुर–बिजनौर स्पेशल
  • 04326: बिजनौर–मुरादाबाद स्पेशल

इसके अलावा, यात्रियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को संभालने के लिए जरूरत के अनुसार अतिरिक्त रेक की व्यवस्था भी की गई।

बरेली जंक्शन पर दो ट्रेनों का अतिरिक्त ठहराव

गाड़ी संख्या 12558 सप्तक्रांति एक्सप्रेस (आनंद विहार टर्मिनल–मुजफ्फरपुर) और गाड़ी संख्या 13258 जनसाधारण एक्सप्रेस (आनंद विहार टर्मिनल–दानापुर) को बरेली जंक्शन पर पांच मिनट का अतिरिक्त ठहराव दिया गया।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य PET परीक्षार्थियों और अन्य यात्रियों की सुविधा, सुरक्षित आवागमन और रेल सेवाओं का सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करना था।

error: Content is protected !!