TMU में कांटे की टक्कर के बीच जीता Sambhal का Angel Public School

तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी के कॉलेज ऑफ फिजिकल एजुकेशन की ओर से इंटर-स्कूल वॉलीबाल चैंपियनशिप का मुरादाबाद की डीआईओएस श्रीमती ऋतु तोमर ने रिबन काटकर किया उद्घाटन, यूपी और उत्तराखंड के 37 स्कूलों की टीमें दिखाएंगी दमखम

तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी, मुरादाबाद के टीएमआईएमटी कॉलेज ऑफ फिजिकल एजुकेशन की ओर से इंटर-स्कूल बालक वॉलीबाल चैंपियनशिप-2026 के फर्स्ट डे सबसे रोमांचक मुकाबला एंजेल पब्लिक स्कूल, संभल और सेंट एंथनी स्कूल, असमोली के बीच खेला गया। तीन सेटों तक चले इस मुकाबले में सेंट एंथनी स्कूल ने पहला सेट 15-11 से जीतकर बढ़त हासिल की।

इसके बाद एंजेल पब्लिक स्कूल ने जोरदार वापसी करते हुए दूसरा सेट 15-6 से जीतकर मुकाबले को बराबरी पर ला दिया। निर्णायक तीसरे सेट में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर हुई, जिसमें एंजेल पब्लिक स्कूल ने 17-15 से जीत दर्ज करते हुए मैच 2-1 से अपने नाम कर लिया। इस रोमांचक जीत में अहम भूमिका निभाने वाले एंजेल पब्लिक स्कूल के अब्दुल हम्माद को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।

मुकाबलों में रामपुर के दयावती मोदी एकेडमी, मुरादाबाद के शिर्डी साई पब्लिक स्कूल, उत्तराखंड, रामनगर के कर्म शिक्षा पब्लिक स्कूल और संभल के एंजेल पब्लिक स्कूल ने जीत दर्ज की। इन मुकाबलों में संभल के अलावा रामपुर के दयावती मोदी एकेडमी के अमान अली, मुरादाबाद के शिर्डी साई पब्लिक स्कूल के शौर्य चौधरी, उत्तराखंड, रामनगर के कर्म शिक्षा पब्लिक स्कूल के राहुल को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए।

ख़ास बातें
डीआईओएस बोलीं, स्पोर्ट्स की स्टुडेंट्स के व्यक्तित्व विकास में अहम भूमिका
रामपुर के दयावती मोदी एकेडमी ने अमरोहा के शेमफोर्ड को 2-1 से हराया
मुरादाबाद के शिर्डी र्साइं पब्लिक स्कूल ने आरएसडी को 2-0 से दी शिकस्त
रामनगर के कर्म शिक्षा पब्लिक स्कूल ने आर्यभट्ट स्कूल को 2-0 से मात दी
अब्दुल हम्माद, अमान अली, शौर्य चौधरी और राहुल सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित

दीगर मुकाबलों में दयावती मोदी एकेडमी, रामपुर ने शेमफोर्ड स्कूल, अमरोहा को सीधे सेटों में 2-0 से पराजित किया। दयावती मोदी एकेडमी ने पहला सेट 15-3 से जीतकर मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत की और दूसरा सेट 15-9 से अपने नाम कर जीत सुनिश्चित की। दयावती मोदी एकेडमी के अमान अली को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।

मुरादाबाद के शिर्डी साई पब्लिक स्कूल और मुरादाबाद के ही आरएसडी एकेडमी के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने अंक हासिल करने के लिए पूरा जोर लगाया, लेकिन शिर्डी साई पब्लिक स्कूल ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए मुकाबला 2-0 से जीत लिया। टीम ने पहला सेट 18-16 और दूसरा सेट 15-12 से अपने नाम किया।

शिर्डी साई पब्लिक स्कूल के शौर्य चौधरी को उनके प्रभावशाली प्रदर्शन के लिए सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का सम्मान मिला। उत्तराखंड, रामनगर के कर्म शिक्षा पब्लिक स्कूल ने अपनी रणनीति और बेहतर तालमेल के दम पर मुरादाबाद के आर्यभट्ट इंटरनेशनल स्कूल को 2-0 से शिकस्त दी। कर्म शिक्षा पब्लिक स्कूल ने पहला सेट 15-7 और दूसरा सेट 15-11 से जीतकर मुकाबले में अपना दबदबा बनाए रखा। टीम के राहुल को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।

इससे पूर्व तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी, मुरादाबाद के टीएमआईएमटी कॉलेज ऑफ फिजिकल एजुकेशन की ओर से इंटर-स्कूल बालक वॉलीबाल चैंपियनशिप-2026 का मुरादाबाद की जिला विद्यालय निरीक्षक- डीआईओएस श्रीमती ऋतु तोमर ने बतौर मुख्य अतिथि उत्साह, उमंग और खेल भावना के बीच रिबन काटकर शंखनाद किया।

डीआईओएस ने खिलाड़ियों से अपने आशीर्वचन में कहा, खेल स्टुडेंट्स के शारीरिक विकास के साथ उनके मानसिक और व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से स्टुडेंट्स में अनुशासन, धैर्य, आत्मविश्वास, सहयोग और कठिन परिस्थितियों का सामना करने की क्षमता विकसित होती है।

उन्होंने खिलाड़ियों को जीत और हार दोनों को सहजता से स्वीकार करने के लिए प्रेरित किया। उदघाटन अवसर पर टीएमयू के डीन स्टुडेंट वेलफेयर प्रो. एमपी सिंह, कॉलेज ऑफ फिजिकल एजुकेशन के प्राचार्य प्रो. मनु आदि की गरिमामयी मौजूदगी रही। उल्लेखनीय है, इंटर-स्कूल वॉलीबाल चैंपियनशिप में मुरादाबाद मंडल और उत्तराखंड समेत 37 विद्यालयों की टीमें हिस्सा ले रही हैं।

error: Content is protected !!