सनी दिवाकर व अन्य हत्यारोपियों को पीछा कर कमल चौहान की लोकेशन दे रहा था लक्की यादव

लव इंडिया, मुरादाबाद। कमल हत्याकांड में शामिल आरोपी लक्की यादव को पुलिस ने शनिवार को जेल भेज दिया। आरोपी ने मुठभेड़ के डर से शुक्रवार को एसपी देहात के सामने सरेंडर किया था। पुलिस अब तक इस हत्याकांड के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। जबकि छह आरोपी अब भी फरार चल रहे हैं। लक्की यादव का नाम पुलिस को सनी दिवाकर ने बताया था। यह मृतक के पीछे चलते हुए आरोपियों को लोकेशन दे रहा था।

थाना कटघर के दुर्गेश नगर डबल फाटक निवासी कमल चौहान की बीते रविवार की शाम दस सराय चौकी के पीछे कर्बला के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। कमल चौहान के भाई संजय ने डबल फाटक निवासी हिस्ट्रीशीटर सनी दिवाकर, पार्षद का चुनाव लड़ चुके मोनू पाल, विक्की दिवाकर, निहाल वाल्मीकि, सुभाष यादव और नकुल यादव को नामजद करके रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।

इसी दौरान पुलिस ने बीते मंगलवार को दोपहर कटघर थाना क्षेत्र के गोट गांव के जंगल में हत्यारोपी सनी दिवाकर से मुठभेड़ के दौरान दोनों पैर में गोली मारकर गिरफ्तार किया था। सनी दिवाकर ने जो बयान दिया था उसके आधार पर हत्या के मुकदमे में सनी दिवाकर की पत्नी पूजा, साथी अनमोल कश्यप और लक्की यादव का नाम सामने आया था। तीनों के नाम रिपोर्ट में बढ़ाकर पूजा को मंगलवार को ही पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

बीते शुक्रवार दोपहर आरोपी लक्की यादव कटघर पुलिस को चकमा देकर सफेद रंग की कार में अपनी मां, परिवार वालों और कुछ अधिवक्ताओं के साथ सीधे एसएसपी कार्यालय के गेट पर पहुंच गया था। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह के सामने पहुंचकर सरेंडर कर दिया था। सीओ आशीष प्रताप सिंह ने बताया कि शनिवार के आरोपी लक्की यादव को जेल भेज दिया है। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगी हुई है।

error: Content is protected !!