उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी का निधन राजनीति में शोक की लहर


लव इंडिया, देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता भुवन चंद्र खंडूड़ी का निधन हो गया। वह 91 वर्ष के थे और लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनका इलाज देहरादून के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। उनके निधन की खबर सामने आते ही उत्तराखंड सहित देशभर के राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई।


भुवन चंद्र खंडूड़ी भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते थे। उन्होंने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के रूप में दो बार कार्य किया और अपने सादगीपूर्ण जीवन, साफ-सुथरी छवि तथा प्रशासनिक अनुशासन के लिए पहचाने जाते थे। राजनीति में आने से पहले उन्होंने भारतीय सेना में भी सेवाएं दी थीं।


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत कई नेताओं ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। नेताओं ने उन्हें ईमानदार, अनुशासित और जनसेवा के प्रति समर्पित व्यक्तित्व बताया।
भुवन चंद्र खंडूड़ी की बेटी ऋतु खंडूड़ी भूषण ने भी भावुक संदेश जारी करते हुए उनके निधन की पुष्टि की। वहीं उनके बेटे मनीष खंडूड़ी ने सोशल मीडिया के जरिए पिता को श्रद्धांजलि दी।


उत्तराखंड की राजनीति में भुवन चंद्र खंडूड़ी को एक सशक्त और स्वच्छ छवि वाले नेता के रूप में याद किया जाता रहेगा। उनके निधन को भाजपा और उत्तराखंड की राजनीति के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है।

error: Content is protected !!