ऑनलाइन सट्टा और नशा माफियाओं के खिलाफ हिंदू समाज पार्टी का मोर्चा, SSP को सौंपा ज्ञापन

लव इंडिया, मुरादाबाद। जनपद में ऑनलाइन सट्टेबाजी और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ हिंदू समाज पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। पार्टी के युवा मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रॉशू जोशी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को ज्ञापन सौंपकर ऑनलाइन सट्टा माफियाओं और नशा तस्करों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।

युवाओं को बर्बादी की ओर धकेल रहे


ज्ञापन में थाना मझोला, कोतवाली और सिविल लाइंस क्षेत्रों में कथित रूप से सक्रिय ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क और अवैध मादक पदार्थों की बिक्री पर चिंता जताई गई। पार्टी नेताओं ने कहा कि गांजा, चरस, अफीम, नशे की गोलियां और इंजेक्शन जैसे पदार्थ युवाओं को बर्बादी की ओर धकेल रहे हैं।

मुख्यमंत्री तक भी अपनी बात पहुंचाई थी


हिंदू समाज पार्टी के युवा मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रॉशू जोशी ने कहा कि वह वर्ष 2025 से लगातार प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को इस संबंध में प्रार्थना पत्र देकर अवगत कराते रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने की मांग को लेकर उन्होंने अपने रक्त से पत्र लिखकर मुख्यमंत्री तक भी अपनी बात पहुंचाई थी।

दोबारा अवैध गतिविधियां बढ़ने लगी


ज्ञापन में कहा गया कि वर्ष 2025 में पुलिस प्रशासन ने कई ऑनलाइन सट्टा माफियाओं और नशा कारोबारियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजा था तथा उनकी संपत्तियों पर भी कार्रवाई की गई थी। लेकिन वर्ष 2026 में इस तरह की कार्रवाई लगभग बंद हो गई है, जिसके चलते दोबारा अवैध गतिविधियां बढ़ने लगी हैं।


“मुझे भी जान का खतरा”


प्रॉशू जोशी ने ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया कि लगातार शिकायतें करने के कारण उन्हें खुद भी जान-माल का खतरा बना हुआ है। उन्होंने आशंका जताई कि सट्टा और नशा माफिया झूठे मुकदमे में फंसाने या नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर सकते हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि ऐसे लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि युवाओं को नशे और अपराध की गिरफ्त से बचाया जा सके।


युवाओं के भविष्य को लेकर जताई चिंता


हिंदू समाज पार्टी नेताओं ने कहा कि ऑनलाइन सट्टेबाजी और नशे का कारोबार समाज के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। युवाओं को तेजी से इसकी लत लग रही है, जिससे उनका भविष्य अंधकारमय हो रहा है। पार्टी ने प्रशासन से मांग की कि शहर में विशेष अभियान चलाकर ऐसे अवैध नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जाए।

error: Content is protected !!