लव इंडिया, संभल। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) द्वारा व्यापारियों को बड़ी राहत देते हुए कमर्शियल बिजली दरों को घरेलू विद्युत दरों के बराबर किए जाने की घोषणा का संभल के व्यापारियों ने स्वागत किया है।

इस संबंध में संभल व्यापारी सुरक्षा फोरम संस्थान 74/22 की ओर से मुरादाबाद रोड स्थित जिला कार्यालय पर एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अनंत अग्रवाल ने की। बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह निर्णय व्यापारी वर्ग के लिए बेहद राहतभरा और ऐतिहासिक कदम है।
उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग प्रदेश और देश की आर्थिक व्यवस्था की रीढ़ है तथा उसकी जायज मांगों को स्वीकार करना सरकार का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने यह साबित कर दिया है कि प्रदेश सरकार व्यापारी हितों को लेकर गंभीर है और व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार कार्य कर रही है। व्यापारियों ने भी सरकार को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।

बैठक के दौरान व्यापारियों की लंबित मांगों का भी मुद्दा उठाया गया। जिला अध्यक्ष ने कहा कि व्यापार मंडलों की ओर से सरकार से मांग की गई है कि 60 वर्ष से अधिक आयु के प्रत्येक व्यापारी को प्रतिमाह 3000 रुपये पेंशन दी जाए। साथ ही व्यापारी दुर्घटना बीमा राशि को 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 20 लाख रुपये किया जाए।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा इन मांगों पर भी जल्द सकारात्मक निर्णय लेने का आश्वासन दिया गया है, जिससे व्यापारियों में उम्मीद जगी है। बैठक में शोभित गुप्ता, अजय कुमार गुप्ता भट्टे वाले, नवील अहमद, जमील उर रहमान, हाजी बाबू, विष्णु श्रीमाली सहित अनेक व्यापारी मौजूद रहे।