बिलारी (मुरादाबाद)। शिवसेना बिलारी इकाई द्वारा क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने के लिए भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले करीब 25 छात्र-छात्राओं और विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे शिवसेना मुरादाबाद के जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा ने मां भवानी और मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान “जय भवानी, जय शिवाजी” और “भारत माता की जय” के जयघोष से पूरा सभागार गूंज उठा।

जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि समाज और राष्ट्र के निर्माण में शिक्षा की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान करने से उनका मनोबल बढ़ता है और अन्य विद्यार्थियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।

कार्यक्रम में शिवसेना के जिला उप प्रमुख राजीव सक्सेना ने कहा कि शिवसेना लगातार सामाजिक और शैक्षिक गतिविधियों के माध्यम से युवाओं और विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुरादाबाद जिले की प्रत्येक तहसील में इस प्रकार के सम्मान समारोह आयोजित किए जाते हैं, ताकि प्रतिभाशाली बच्चों को मंच और पहचान मिल सके।
अभिभावकों के लिए जलपान की व्यवस्था भी

सम्मान समारोह में शामिल छात्र-छात्राओं ने स्मृति चिन्ह प्राप्त कर खुशी जाहिर की और शिवसेना टीम का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में पहुंचे अभिभावकों और प्रधानाचार्यों ने भी इस पहल की सराहना की।
कार्यक्रम का संचालन सामाजिक कार्यकर्ता संजय सक्सेना ने किया। समारोह के अंत में सभी अतिथियों, विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई।
कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में मुख्य रूप से शिवसेना जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा, जिला उप प्रमुख राजीव सक्सेना, भाटिया जी, श्रीकांत गुप्ता, अरुण ठाकुर, अखिल भारतीय चित्रांश महासभा के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सक्सेना, हरी बाबू, सुशील शर्मा, महेश सिंह, संतोष कुमार, विनोद यादव, दिनेश आजाद, भूरा भाई, कुश सक्सेना, रविशंकर रस्तोगी, अमन गुरुजी, अभिषेक शर्मा, अमित सक्सेना, परमानंद सक्सेना, दिनेश प्रजापति, अमित गुप्ता, मयूर गुप्ता, सौरव सक्सेना, विशाल गुप्ता, गौतम और विजय माथुर सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।