मुरादाबाद में ‘रोटरी क्लब ऑफ मुरादाबाद मेडिको’ का शुभारंभ, डॉक्टरों ने लिया समाज सेवा का संकल्प

लव इंडिया, मुरादाबाद। शहर में सामाजिक सेवा और स्वास्थ्य जागरूकता को नई दिशा देने के उद्देश्य से 21 मई 2026 को होटल ड्राइव इन 24 में “रोटरी क्लब ऑफ मुरादाबाद मेडिको” का भव्य शुभारंभ एवं प्रथम बैठक आयोजित की गई। यह क्लब अपने आप में खास माना जा रहा है, क्योंकि इसमें शहर के प्रतिष्ठित चिकित्सक और मेडिकल प्रोफेशनल्स सदस्य के रूप में जुड़े हैं।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रोटेरियन सीए नितिन अग्रवाल (रोटरी गवर्नर) एवं प्रीति अग्रवाल रहीं। उनके कर-कमलों द्वारा क्लब की औपचारिक शुरुआत और बोर्ड गठन की प्रक्रिया संपन्न कराई गई। कार्यक्रम में मुरादाबाद के विभिन्न रोटरी क्लबों के अध्यक्ष, सचिव और पदाधिकारियों ने भी भाग लिया। नवगठित क्लब के सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक अपनी सहभागिता दर्ज कराई।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि रोटरी इंटरनेशनल विश्व की प्रतिष्ठित सामाजिक संस्थाओं में शामिल है, जो मानव सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य और समाज कल्याण के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है। “रोटरी क्लब ऑफ मुरादाबाद मेडिको” की स्थापना भी इसी सेवा भावना को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से की गई है, ताकि चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ समाज के जरूरतमंद लोगों तक बेहतर सेवाएं पहुंचा सकें।


क्लब के संस्थापक सदस्यों में डॉ. गिरजेश कैन (डायरेक्टर, ओरेकल आई हॉस्पिटल), डॉ. कार्तिक गुप्ता सहित कई वरिष्ठ चिकित्सकों की अहम भूमिका रही। वक्ताओं ने कहा कि डॉक्टर और रोटरी क्लब हमेशा समाजहित में कार्य करते आए हैं। पोलियो उन्मूलन अभियान में रोटरी की वैश्विक भूमिका का उदाहरण देते हुए कहा गया कि संस्था ने स्वास्थ्य क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है।


क्लब पदाधिकारियों ने बताया कि आने वाले समय में स्वास्थ्य जागरूकता अभियान, निशुल्क चिकित्सा शिविर, रक्तदान शिविर, नेत्र परीक्षण शिविर और अन्य सामाजिक सेवा कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से जरूरतमंद और गरीब वर्ग के लोगों को सीधे लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।


कार्यक्रम के अंत में फेलोशिप और डिनर का आयोजन किया गया, जिसमें सभी अतिथियों और सदस्यों ने सहभागिता की और क्लब के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


error: Content is protected !!