पश्चिमी यूपी में मौसम का बड़ा अलर्ट: मुरादाबाद मंडल समेत 22 जिलों में आंधी, बारिश और ओलों की चेतावनी, मोबाइल पर पहुंचा ‘एक्सट्रीमली सीवियर अलर्ट’


लव इंडिया, मुरादाबाद। भीषण गर्मी से जूझ रहे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए मौसम अचानक करवट लेने जा रहा है। 11 जून की देर रात से 12 जून की शुरुआत के साथ ही मुरादाबाद मंडल समेत पश्चिमी यूपी के कई जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश का दौर शुरू हो सकता है। मौसम विभाग की ओर से बड़ी संख्या में लोगों के मोबाइल फोन पर “Extremely Severe Alert” संदेश भेजा गया है, जिसमें अगले तीन घंटों के दौरान 70 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बिजली गिरने, भारी बारिश और कहीं-कहीं ओले पड़ने की आशंका जताई गई है। “Extremely Severe Alert” के कुछ देर बाद ही मुरादाबाद शहर में बारिश शुरू हो गई।


मुरादाबाद शहर के अलावा संभल, अमरोहा, रामपुर और बिजनौर सहित पूरे मंडल के लोगों को यह चेतावनी संदेश प्राप्त हुआ है। मौसम विभाग और आपदा प्रबंधन एजेंसियों ने लोगों को घरों के अंदर रहने तथा खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है।


क्या सिर्फ मुरादाबाद मंडल को मिला अलर्ट


नहीं। उपलब्ध मौसम चेतावनियों और क्षेत्रीय रिपोर्टों के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में इसी तरह की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने पश्चिमी यूपी में गरज-चमक, तेज हवाओं और ओलावृष्टि की संभावना जताई है।


इन 22 जिलों पर मौसम का असर सबसे ज्यादा


मुरादाबाद मंडल के मुरादाबाद संभल रामपुर अमरोहा व बिजनौर,
मेरठ मंडल के मेरठ बागपत गाजियाबाद हापुड़ बुलंदशहर गौतमबुद्ध नगर (नोएडा), सहारनपुर मंडल के सहारनपुर मुजफ्फरनगर शामली बरेली मंडल के बरेली बदायूं पीलीभीत शाहजहांपुर अलीगढ़ मंडल के अलीगढ़ हाथरस कासगंज एटा और आगरा मंडलके आगरा मथुरा फिरोजाबाद मैनपुरी जिलों में कहीं तेज आंधी, कहीं गरज के साथ बारिश और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।


मुरादाबाद मंडल पर विशेष नजर


मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मुरादाबाद मंडल के जिलों में रात के समय मौसम तेजी से बदल सकता है। दिनभर की गर्मी के बाद नमी और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तेज गर्जना वाले बादल विकसित होने की संभावना है। ऐसे में मुरादाबाद, संभल, रामपुर, अमरोहा और बिजनौर में तेज हवाओं के साथ बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं।


70 से 100 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है हवा


मोबाइल अलर्ट में हवाओं की रफ्तार 70 से 100 किमी प्रति घंटा तक पहुंचने की चेतावनी दी गई है। ऐसी स्थिति में कमजोर निर्माण, होर्डिंग्स, पेड़ और बिजली की लाइनें प्रभावित हो सकती हैं। कुछ स्थानों पर ओले गिरने की भी आशंका व्यक्त की गई है।


लोगों के लिए जरूरी सलाह


अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें।
वाहन पेड़ों या कमजोर ढांचों के नीचे खड़े न करें।
मोबाइल चार्ज रखें और मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखें।
बिजली कड़कने के दौरान खुले मैदानों में जाने से बचें।
किसान खेतों में कार्य करते समय विशेष सावधानी बरतें।


गर्मी से राहत, लेकिन खतरा भी


मौसम विभाग के अनुसार यह सिस्टम भीषण गर्मी से राहत देगा, लेकिन इसके साथ तेज आंधी, बिजली और ओलावृष्टि का खतरा भी रहेगा। अगले 24 घंटे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए मौसम की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।

error: Content is protected !!