रतूपुरा मामला: अब भारतीय किसान यूनियन संविधान का प्रतिनिधिमंडल पहुंचेगा, कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने रोका था

लव इंडिया , मुरादाबाद। रतूपुरा में तीन कश्यप युवकों के साथ कथित मारपीट और प्रताड़ना का मामला लगातार चर्चा में है। पीड़ित परिवार से मिलने और न्याय की मांग करने के लिए अब भारतीय किसान यूनियन (संविधान) का प्रतिनिधिमंडल मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा क्षेत्र स्थित रतूपुरा गांव पहुंचेगा। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामकांत कश्यप की ओर से 18 अक्टूबर 2026 को जारी सूचना के अनुसार, प्रतिनिधिमंडल दोपहर दो बजे पीड़ित परिवार से मुलाकात करेगा।

इससे पहले शनिवार, 17 अक्टूबर को पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधिमंडल को पुलिस ने रास्ते में रोक दिया था। कांग्रेस के नेताओं ने इस पर नाराजगी जताई और मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस घटनाक्रम के बाद अब भारतीय किसान यूनियन (संविधान) के प्रस्तावित दौरे पर नजर है।

लव इंडिया नेशनल ने सबसे पहले उठाया था मामला

रतूपुरा गांव में तीन युवकों के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आने के बाद लव इंडिया नेशनल ने इसे सबसे पहले प्रमुखता से उजागर किया था। इसके बाद मामला राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चा में आया। विभिन्न दलों और संगठनों ने पीड़ित परिवार से मिलने तथा घटना की जानकारी जुटाने की पहल की है।

आरोप है कि सोने का कंगन गायब होने के संदेह में अतुल कश्यप, लवेश कश्यप और रामू कश्यप के साथ मारपीट की गई। परिजनों ने गंभीर प्रताड़ना के आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी। मामला बिजनौर जिले की बढ़ापुर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक कुंवर सुशांत सिंह के रतूपुरा स्थित आवास से जुड़ा बताया गया है।

विधायक के सहयोगी ने पूर्व में आरोपों में विधायक की संलिप्तता से इनकार किया था। उनका कहना था कि विवाद घर के कर्मचारियों के बीच हुआ और घटना के समय विधायक वहां मौजूद नहीं थे। पुलिस ने मामले की जांच किए जाने की बात कही थी। आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच और साक्ष्यों के आधार पर ही होगी।

किसान यूनियन संविधान के प्रतिनिधिमंडल में ये पदाधिकारी शामिल

संगठन के पत्र के अनुसार, पीड़ित परिवार से मिलने जाने वाले प्रतिनिधिमंडल में निम्न पदाधिकारी शामिल होंगे:

  • डॉ. रमेश्वर दयाल तुरैहा — राष्ट्रीय महासचिव
  • रईसुद्दीन — प्रदेश अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश
  • ठाकुर मंजू राठौर — मंडल अध्यक्ष, मुरादाबाद
  • ओमकार प्रजापति — जिला अध्यक्ष, मुरादाबाद
  • अवधेश कुमार कश्यप — जिला अध्यक्ष, अमरोहा

पत्र में कहा गया है कि प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिलकर लवीश कश्यप, रामू कश्यप और अतुल कश्यप से जुड़े मामले की जानकारी प्राप्त करेगा। इसके बाद निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग करते हुए संबंधित अधिकारियों से बातचीत की जाएगी। संगठन ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की मांग करने की बात कही है।

कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल को रोके जाने के बाद बढ़ा ध्यान

कांग्रेस कमेटी ने भी 16 अक्टूबर को पीड़ित परिवार से मिलने के लिए 21 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भेजने की घोषणा की थी। लेकिन 17 अक्टूबर को रामपुर के रास्ते से मुरादाबाद जा रहे कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने रोक दिया। कांग्रेस नेताओं ने इसे पीड़ित परिवार से मिलने और अपनी बात रखने में बाधा बताया। इस मामले में एक दूसरी महत्वपूर्ण बात यह भी है कि इससे पहले पीड़ित परिवार की ओर से राजनीतिक दलों और अन्य लोगों से घर न आने की अपील की थी। अब देखना होगा कि भारतीय किसान यूनियन (संविधान) का प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मुलाकात कर पाता है या नहीं और संगठन की मांगों पर पुलिस-प्रशासन की ओर से क्या प्रतिक्रिया आती है।

error: Content is protected !!