मुरादाबाद में मातृ एवं नवजात शिशु स्वास्थ्य पर विशेष संगोष्ठी, “प्रोजेक्ट अधुना” का शुभारंभ


लव इंडिया, मुरादाबाद: मुरादाबाद ऑब्सटेट्रिक्स एंड गाइनेकोलॉजिकल समिति (Moradabad Obstetrics and Gynecological Committee ) द्वारा 6 मई को राष्ट्रीय संगठन फॉक्सी (FOGSI) के सहयोग से समय से पहले जन्म लेने वाले बच्चों और मातृ स्वास्थ्य को लेकर एक विशेष वैज्ञानिक चर्चा एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस महत्वाकांक्षी पहल को “प्रोजेक्ट अधुना” नाम दिया गया है।


कार्यक्रम का उद्देश्य मातृ एवं नवजात शिशु देखभाल को साक्ष्य आधारित चिकित्सा पद्धति के माध्यम से और अधिक मजबूत बनाना तथा विभिन्न जिलों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर दिशा देना रहा। कार्यक्रम में समय से पूर्व होने वाली डिलीवरी, कम वजन के बच्चों की देखभाल और गर्भवती महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर गहन अध्ययन और चर्चा की गई।

इस विशेष बैठक में बाहर से आए वरिष्ठ विशेषज्ञ चिकित्सकों में डॉ अर्चना वर्मा और डॉ ईशा खानुजा ने अपने अनुभव साझा किए। वहीं मुरादाबाद शहर की कई वरिष्ठ महिला चिकित्सकों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई। इनमें प्रमुख रूप से डॉ अर्चना अग्रवाल, डॉ रेखा अग्रवाल, डॉ पद्मजा गुप्ता, डॉ अनीता रस्तोगी, डॉ पायल पुरी, डॉ शरद, डॉ सुदीप कौर, डॉ के.जी. गुप्ता, डॉ प्रीति गुप्ता, डॉ शेफाली सिंह और डॉ बबीता गुप्ता सहित अन्य चिकित्सक मौजूद रहे।


कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने बताया कि समय से पहले होने वाली डिलीवरी को किस प्रकार रोका जा सकता है। साथ ही यदि प्रीमैच्योर डिलीवरी हो जाए तो किन सावधानियों को अपनाना चाहिए और कम वजन वाले नवजात शिशु की देखभाल कैसे की जाए, इस पर विस्तार से जानकारी दी गई। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में केवल डॉक्टर ही नहीं, बल्कि नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल कर्मचारियों को भी शामिल किया गया, ताकि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाया जा सके।


इस विशेष परियोजना को सफल बनाने में समिति की अध्यक्ष डॉ रितिका अग्रवाल, सचिव डॉ सोनम रस्तोगी और कोषाध्यक्ष डॉ ऋचा अग्रवाल का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
बैठक के दौरान सभी चिकित्सकों ने मिलकर मदर्स डे के उपलक्ष्य में महिलाओं और माताओं को शुभकामनाएं भी दीं।
इसी अवसर पर मुरादाबाद समिति ने एक और नई पहल “प्रोजेक्ट वामिका” का शुभारंभ किया। यह परियोजना महिलाओं की मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य जागरूकता को बेहतर बनाने के उद्देश्य से चलाई जाएगी। इस प्रोजेक्ट का संचालन वरिष्ठ चिकित्सक डॉ प्रगति गुप्ता की देखरेख में किया जाएगा।

error: Content is protected !!