भीषण तूफान से मुरादाबाद मंडल में रेल संचालन प्रभावित, त्वरित कार्रवाई से बहाल हुई सेवाएं


उमेश लव लव इंडिया मुरादाबाद। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल में 25 और 26 मई की रात आए भीषण तूफान, तेज हवाओं और पेड़ों के गिरने से कई रेलखंडों पर रेल संचालन प्रभावित हो गया। मौसम की मार के कारण ओएचई (ओवरहेड इलेक्ट्रिक) प्रणाली को नुकसान पहुंचा, जिससे कई ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित रही। हालांकि मुरादाबाद मंडल की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में रेल संचालन को दोबारा सुचारु कर दिया।


मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव के निर्देशन में वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (कर्षण वितरण) सचिन कुमार की निगरानी में टीआरडी कर्मचारियों ने प्रभावित रेलखंडों पर तत्काल मरम्मत कार्य शुरू किया। अधिकारियों और कर्मचारियों की संयुक्त मेहनत से क्षतिग्रस्त ओएचई उपकरणों को ठीक कर सुरक्षित रेल संचालन बहाल कराया गया।


रेलवे अधिकारियों के अनुसार तूफान के कारण रोजा–लखनऊ रेलखंड सहित कई सेक्शनों में ओएचई सिस्टम ट्रिप हुआ और कई स्थानों पर पेड़, टिन शेड और मलबा विद्युत संरचनाओं पर गिर गया। इससे बिलपुर–मीरनपुर कटरा यार्ड, रोजा यार्ड, पीआरपीएम यार्ड, रोजा–बांथरा रेलखंड और कौड़ा–बेहटागोकुल यार्ड सबसे अधिक प्रभावित रहे।


रेलवे की तकनीकी टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर करीब 45 मिनट से लेकर 3 घंटे 11 मिनट तक लगातार मरम्मत कार्य किया। इसके चलते कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा। प्रभावित ट्रेनों में गाड़ी संख्या 14207, 12229, 14241, 12231, 12429, 15043, 15011, 12557, 22419 और 12371 शामिल रहीं।


रेलवे प्रशासन ने बताया कि कठिन मौसम के बावजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने पूरी सतर्कता और समन्वय के साथ काम किया, जिससे यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए रेल सेवाओं को जल्द बहाल किया जा सका।

error: Content is protected !!