लव इंडिया मुरादाबाद। उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल की मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) श्रीमती विनीता श्रीवास्तव ने शुक्रवार को मुरादाबाद-रुड़की एवं रुड़की-देवबंद रेलखंड का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रेल परिचालन, यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्थाओं और विभिन्न विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।

डीआरएम ने मुरादाबाद-रुड़की रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण करते हुए ट्रैक की स्थिति, संरचनाओं और संरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इसके बाद उन्होंने झबरेड़ा रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया, जहां प्लेटफॉर्म, स्टेशन मास्टर कार्यालय, रिले रूम, एमआई रूम, डाटा लॉगर रूम एवं सर्कुलेटिंग एरिया का जायजा लिया। इस दौरान यात्री सुविधाओं की गुणवत्ता परखी गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इसके बाद डीआरएम बान्हेडा खास स्टेशन पहुंचीं, जहां स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, स्टेशन मास्टर कार्यालय, रिले रूम, एमआई रूम और सर्कुलेटिंग एरिया की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। उन्होंने बान्हेडा खास रेलवे कॉलोनी में कर्मचारियों के रेलवे आवासों का भी निरीक्षण किया तथा जल एवं विद्युत आपूर्ति व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

निरीक्षण के अगले चरण में रुड़की-देवबंद रेलखंड का अवलोकन किया गया, जहां परिचालन एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।।डीआरएम ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत रुड़की रेलवे स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास एवं पुनर्निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, लिफ्ट, स्टेशन मास्टर कार्यालय समेत विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया गया। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित गुणवत्ता और समयसीमा के अनुरूप पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक (ऑपरेशन) पारितोष गौतम, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक चेतन तनेजा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव, वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता जन्मजेय उपाध्याय, वरिष्ठ मंडल अभियंता अक्षय कुमार सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।