मुरादाबाद में भाजपा प्रशिक्षण महा अभियान: मंत्री भूपेंद्र चौधरी बोले— युवाओं को रोजगार देना योगी सरकार की प्राथमिकता

लव इंडिया, मुरादाबाद। बुद्धिविहार स्थित व्हाइट हाउस बैंक्विट हॉल में आयोजित भाजपा के प्रशिक्षण महा अभियान में प्रदेश के लघु एवं सूक्ष्म उद्योग मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन मजबूती और सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।


जिले के दौरे पर पहुंचे मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक से पहले मीडिया से बातचीत में कई अहम मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ना है और इसी उद्देश्य से विभागीय स्तर पर विशेष बैठक कर नई रोजगार योजनाओं की रूपरेखा तैयार की जाएगी।


उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। लघु एवं सूक्ष्म उद्योगों को बढ़ावा देकर स्वरोजगार और रोजगार दोनों के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं। कांग्रेस नेताओं की बयानबाजी पर पलटवार करते हुए मंत्री ने कहा कि कांग्रेस आज मरणासन्न स्थिति में पहुंच चुकी है और जनता ने उसे पूरी तरह नकार दिया है।


वक्फ बोर्ड को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि वक्फ बोर्ड की अवैध संपत्तियों को कब्जामुक्त कराना सरकार का मुख्य लक्ष्य है और इस दिशा में लगातार कार्रवाई की जा रही है। पेट्रोल, डीजल और गैस की कमी के आरोपों को खारिज करते हुए मंत्री ने कहा कि प्रदेश में किसी भी प्रकार की कमी नहीं है और सरकार लगातार निगरानी बनाए हुए है। वहीं अघोषित बिजली कटौती के सवाल पर उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान तकनीकी दिक्कतें आना स्वाभाविक है, लेकिन विभाग लगातार व्यवस्था सुधारने में जुटा हुआ है।


कार्यक्रम में मंचासीन महापौर विनोद अग्रवाल, विधान परिषद सदस्य जयपाल सिंह व्यस्त, नगर विधायक रितेश गुप्ता, भाजपा महानगर अध्यक्ष गिरीश भांडुला, डॉ. शैफाली सिंह, एमएलसी गोपाल अंजान और केके मिश्रा मौजूद रहे।
इस दौरान अल्पना रितेश गुप्ता, लता चंद्रा, प्रेमवती उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में भाग लिया। प्रशिक्षण अभियान में बूथ सशक्तिकरण, संगठन विस्तार और आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा की गई।

error: Content is protected !!