Kidnapping-murder case में फरार Ex Muslim सलीम वास्तिक गिरफ्तार

लव इंडिया, गाजियाबाद। करीब तीन दशक पुराने सनसनीखेज अपहरण और हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी सलीम वास्तिक को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से अपनी पहचान बदलकर कानून से बचता फिर रहा था।यह मामला वर्ष 1995 का है, जब उत्तर-पूर्वी दिल्ली के एक कारोबारी के 13 वर्षीय बेटे संदीप बंसल का अपहरण कर लिया गया था। घटना के अगले दिन अपहरणकर्ताओं ने परिजनों को फोन कर 30,000 रुपये की फिरौती की मांग की और रकम न मिलने पर बच्चे की हत्या की धमकी दी। बाद में फिरौती न मिलने पर बच्चे की हत्या कर दी गई।

जांच के दौरान पुलिस को सलीम खान नाम के व्यक्ति पर शक हुआ, जो उस समय बच्चे के स्कूल में मार्शल आर्ट्स का प्रशिक्षक था। पूछताछ में आरोपी ने कथित रूप से अपराध कबूल किया और उसकी निशानदेही पर बच्चे का शव बरामद किया गया। मामले में कोर्ट में सुनवाई के बाद वर्ष 1997 में सलीम खान और उसके साथी अनिल को उम्रकैद की सजा सुनाई गई।

हालांकि, वर्ष 2000 में दिल्ली हाईकोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद सलीम फरार हो गया और वर्षों तक पुलिस की पकड़ से बाहर रहा।बताया जा रहा है कि फरारी के दौरान उसने अपनी पहचान बदल ली और अलग-अलग स्थानों पर रहकर खुद को छिपाए रखा।

इस बीच, वर्ष 2011 में हाईकोर्ट ने लोअर कोर्ट के फैसले को बरकरार रखा, लेकिन तब तक आरोपी फरार ही था।ताजा कार्रवाई में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गुप्त सूचना के आधार पर गाजियाबाद के लोनी इलाके में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है और फरारी के दौरान उसकी गतिविधियों की जांच भी की जा रही है।

डिस्क्लेमर: यह जानकारी पुलिस स्रोतों और उपलब्ध विवरणों पर आधारित है। आधिकारिक विस्तृत प्रेस रिलीज/रिकॉर्ड आने पर तथ्य अपडेट हो सकते हैं।


error: Content is protected !!