विक्षिप्त व्यक्ति से कराई जमीन की Registry, खरीददार व बिचौलिए पर मुकदमें की मांग

उमेश लव, लव इंडिया, मुरादाबाद। मुरादाबाद के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक जन्म से मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति की जमीन का बैनामा कथित रूप से बिना न्यायालय और संरक्षक की अनुमति के कराए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित के बेटे ने खरीददार और बिचौलिए के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी व आपराधिक साजिश के तहत रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाना सिविल लाइन पुलिस को तहरीर दी है।

मानसिक रूप से विक्षिप्त है जमीन मालिक


मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गांव मुकर्रबपुर निवासी रईस का है, जो जन्म से ही मानसिक रूप से विक्षिप्त व अशिक्षित बताए गए हैं। उनके बेटे फहीम अली के अनुसार, उनके पिता के नाम गांव त्रिलोकपुर में गाटा संख्या 967 का रकबा 0.185 हेक्टेयर भूमि दर्ज है, जिस पर वे मालिक और काबिज हैं।


24 लाख में तय हुआ सौदा, खाते में पहुंचे सिर्फ 7 लाख


फहीम अली का आरोप है कि मोहल्ले के ही सरफराज पुत्र मेहंदी हसन ने उनके पिता की पूरी भूमि का सौदा 24 लाख रुपये में अनीस अहमद पुत्र रईस अहमद निवासी हरथला सोनकपुर से तय करा दिया।

वास्तव में खाते में केवल 7 लाख रुपये ही आए


आरोप है कि 28 अगस्त 2025 को उनके पिता के खाते में सिर्फ 7 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए, जबकि शेष 15 लाख रुपये नकद दिखाए गए। बाद में टाइप किए गए कागजात में भी 28 अगस्त 2025 को पूरी रकम ट्रांसफर होना दर्शाया गया, जबकि वास्तविकता में खाते में केवल 7 लाख रुपये ही आए।


बिना अनुमति के कराई गई रजिस्ट्री


बकौल फहीम अली, इसके बावजूद खरीदार ने 29 अगस्त 2025 को उपनिबंधक सदर द्वितीय मुरादाबाद कार्यालय में उक्त जमीन का बैनामा अपने नाम रजिस्टर्ड करा लिया। जबकि कानूनन मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति से किसी भी प्रकार का बैनामा न्यायालय और संरक्षक की अनुमति के बिना नहीं किया जा सकता।


सुनियोजित साजिश और जालसाजी का आरोप


पीड़ित पक्ष का कहना है कि यह पूरा मामला सुनियोजित साजिश के तहत छल-कपट व जालसाजी करके फर्जी दस्तावेज तैयार कर अंजाम दिया गया है।
फहीम अली ने मांग की है कि जमीन के खरीदार अनीस अहमद और बिचौलिए सरफराज अली के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।


पुलिस से कार्रवाई की मांग


पीड़ित ने थाना सिविल लाइन पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।

error: Content is protected !!