अपने ही घर में डाका डलवाने वाली पीतल कारोबारी की बेटी के प्रेमी के तीन साथी और गिरफ्तार, 23 लाख रुपये बरामद

उमेश लव, लव इंडिया, मुरादाबाद। थाना नागफनी क्षेत्र में पीतल कारोबारी के घर हुई सनसनीखेज डकैती के मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। कारोबारी की बेटी और उसके प्रेमी समेत पांच आरोपियों को पहले ही जेल भेज चुकी पुलिस ने अब प्रेमी के तीन और साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 23.05 लाख रुपये नकद, अवैध तमंचे, कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।


पुलिस के अनुसार अब तक इस डकैती कांड में कुल 70.25 लाख रुपये से अधिक की बरामदगी की जा चुकी है। बताया जा रहा है कि इस वारदात में करीब 1.20 करोड़ रुपये की नकदी और आभूषण लूटे गए थे।

कारोबारी की बेटी और प्रेमी पहले ही जा चुके हैं जेल


गौरतलब है कि 11 मई की रात थाना नागफनी क्षेत्र स्थित अकबर कंपाउंड निवासी पीतल कारोबारी मोहम्मद इमरान के घर हथियारबंद बदमाशों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। बदमाशों ने परिवार को आतंकित कर 1.20 करोड़ की नकदी और सात तोला सोने के आभूषण लूट लिए थे।


जांच में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया था कि कारोबारी की बेटी अरीबा ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पूरी साजिश रची थी। पुलिस इस मामले में अरीबा, उसके प्रेमी और अन्य साथियों समेत पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।


अब तीन और आरोपी गिरफ्तार


पुलिस जांच के दौरान तीन अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आए थे। थाना नागफनी पुलिस ने रविवार को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नदीम निवासी पपसरा खादर थाना गजरौला, बिद्दू उर्फ संतोष और आदित्य निवासी तिगरिया भूड़ थाना गजरौला जनपद अमरोहा के रूप में हुई है।


पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 23.05 लाख रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन, दो तमंचे 315 बोर, एक तमंचा 32 बोर और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।


70 लाख से अधिक की हो चुकी बरामदगी


पुलिस अधिकारियों के अनुसार डकैती कांड में पहले गिरफ्तार आरोपियों से 47.24 लाख रुपये नकद, अवैध हथियार और दो कारें बरामद की गई थीं। अब नई बरामदगी के बाद कुल बरामद रकम और सामान की कीमत 70.25 लाख रुपये से अधिक पहुंच गई है।


कई टीमों ने किया खुलासा


मामले के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह और क्षेत्राधिकारी कोतवाली सुनीता दहिया नगर के नेतृत्व में कई टीमों का गठन किया गया था। पुलिस लगातार फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कार्रवाई कर आगे की विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।

error: Content is protected !!