श्री शिरडी साईं करुणा संस्थान के 26वें स्थापना दिवस पर मुरादाबाद में निकली साईं पालकी और हुआ भंडारा

उमेश लव लव इंडिया मुरादाबाद। दीनदयाल नगर स्थित श्री शिरडी साईं करुणा संस्थान द्वारा 20 फरवरी को साईं मंदिर का 26वां स्थापना दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर दिनभर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में साईं भक्तों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 8 बजे श्री साईं हवन से हुई।

श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण एवं भंडारे का आयोजन

इसके बाद सुबह 10:20 बजे श्री साईं स्तुति पाठ और दोपहर 12 बजे आरती संपन्न हुई। दोपहर 12:30 बजे से श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण एवं भंडारे का आयोजन किया गया। साईं भक्तों ने मंदिर के बाहर राहगीरों को श्रद्धापूर्वक भंडारा ग्रहण करवाया। इस दौरान साईं भक्त इशू, वैभव भारद्वाज सहित अन्य भक्त सेवा कार्य में जुटे रहे।

साईं पालकी में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए


शाम को 6:30 बजे साईं पालकी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पालकी में मनोज आहूजा सहित अन्य साईं भक्त मौजूद रहे। भक्ति गीतों और जयकारों के बीच निकली पालकी ने क्षेत्र का माहौल भक्तिमय बना दिया।

देर रात तक भजनों के माध्यम से बाबा की महिमा का गुणगान किया


रात्रि 8 बजे से साईं भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें भक्तों ने देर रात तक भजनों के माध्यम से बाबा की महिमा का गुणगान किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं।

समाज में सेवा और सद्भाव की भावना को बढ़ावा मिले


संस्थान के पदाधिकारियों ने बताया कि स्थापना दिवस के अवसर पर प्रतिवर्ष धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है, जिससे समाज में सेवा और सद्भाव की भावना को बढ़ावा मिले।

error: Content is protected !!