Moradabad में Chemist हड़ताल पर, Medical Store बंद

लव इंडिया, मुरादाबाद। ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में मंगलवार को शहर की गुलाल गली में कई केमिस्टों ने अपनी मेडिकल स्टोर बंद रखकर हड़ताल की। इस दौरान दवा व्यापारियों ने ऑनलाइन फार्मेसी व्यवस्था का विरोध जताते हुए सरकार से इस पर सख्त नियंत्रण लगाने की मांग उठाई।


हड़ताल के दौरान केमिस्टों का कहना था कि ऑनलाइन दवा बिक्री से स्थानीय मेडिकल व्यापार प्रभावित हो रहा है। साथ ही बिना उचित जांच और चिकित्सकीय निगरानी के दवाओं की बिक्री मरीजों के स्वास्थ्य के लिए भी खतरा बन सकती है।


दवा व्यापारियों ने आरोप लगाया कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर कई बार बिना डॉक्टर की सलाह के दवाएं उपलब्ध करा दी जाती हैं, जिससे दवाओं के दुरुपयोग की आशंका बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि मेडिकल स्टोर संचालक नियमों के तहत लाइसेंस लेकर कारोबार करते हैं, जबकि ऑनलाइन बिक्री में पारदर्शिता और नियंत्रण को लेकर सवाल उठ रहे हैं।


गुलाल गली क्षेत्र में कई दुकानों के बंद रहने से दवा लेने पहुंचे लोगों को परेशानी का सामना भी करना पड़ा। हालांकि कुछ मेडिकल स्टोर खुले रहे और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराते नजर आए।


केमिस्ट संगठनों ने सरकार से ऑनलाइन दवा बिक्री के लिए स्पष्ट और सख्त नियम लागू करने की मांग करते हुए कहा कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आगे भी आंदोलन जारी रखा जा सकता है।


error: Content is protected !!