कार में आग लगाई और किया फावड़े से हमला, रिपोर्ट दर्ज

लव इंडिया, मुरादाबाद। कटघर थाना क्षेत्र की लक्ष्मीधाम कॉलोनी बलदेवपुरी में पड़ोसी युवक पर परिवार को जान से मारने की धमकी देने, कार में आग लगाने का प्रयास करने और फावड़े से हमला करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। मामला थाना कटघर क्षेत्र के पीतल नगरी चौकी इलाके का बताया गया है।


दर्ज रिपोर्ट के अनुसार बलदेवपुरी निवासी संजीव शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि पड़ोसी सुधीर पुत्र सुभाष पिछले करीब एक वर्ष से उनके परिवार के साथ विवाद कर रहा है और कई बार जान से मारने की धमकी दे चुका है। शिकायत में कहा गया है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी शांति भंग की कार्रवाई की जा चुकी है।


तहरीर के मुताबिक 16 मई 2026 की रात करीब 11 बजे आरोपी कथित तौर पर शिकायतकर्ता के गाय के भूसे में आग लगाने का प्रयास कर रहा था। विरोध करने पर आरोपी ने घर में घुसकर अवैध तमंचा दिखाते हुए परिवार को धमकाया और मौके से फरार हो गया।


रिपोर्ट में आगे आरोप लगाया गया है कि अगले दिन 17 मई को आरोपी फावड़ा लेकर शिकायतकर्ता के घर पहुंचा और घर के बाहर खड़ी मारुति ऑल्टो कार संख्या UP 21 K 2151 में आग लगाने का प्रयास किया। आरोप है कि ईंट-पत्थरों से कार को क्षतिग्रस्त भी किया गया।


शिकायतकर्ता के अनुसार बीच-बचाव के दौरान उनके बेटे सौरभ शर्मा पर भी फावड़े से हमला किया गया। आरोप है कि आरोपी ने युवक का गला दबाने का भी प्रयास किया, लेकिन आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर उसे बचा लिया।


पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपी लगातार पूरे परिवार और पशुओं को नुकसान पहुंचाने की धमकी दे रहा था। तहरीर में यह भी उल्लेख किया गया है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में घटनाक्रम रिकॉर्ड होने का दावा किया गया है। कटघर पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


error: Content is protected !!