हरिद्वार-मोतीचूर रेलखंड पर आंधी-तूफान से वृक्ष गिरने से OHE और ट्रैक क्षतिग्रस्त, वंदे भारत एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें प्रभावित

लव इंडिया, मुरादाबाद/हरिद्वार। उत्तराखंड में शनिवार को आए तेज आंधी-तूफान ने कुछ समय के लिए रेल संचालन की रफ्तार थाम दी। हरिद्वार-मोतीचूर रेलखंड पर एक विशाल वृक्ष ओवरहेड विद्युत तार (OHE) और रेलवे ट्रैक पर गिर गया, जिससे रेल यातायात बाधित हो गया। हालांकि रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों की तत्परता के चलते कुछ ही घंटों में ट्रैक और OHE को दुरुस्त कर रेल संचालन सामान्य कर दिया गया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार 30 मई 2026 को अपराह्न करीब 3:40 बजे हरिद्वार-मोतीचूर रेलखंड के किलोमीटर संख्या 30/11-12 के पास तेज तूफान के कारण एक पेड़ ट्रैक और ओएचई पर गिर गया। घटना के बाद सुरक्षा कारणों से रेल यातायात तत्काल रोक दिया गया।

सूचना मिलते ही मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव के निर्देशन में मुरादाबाद मंडल के परिचालन, विद्युत एवं इंजीनियरिंग विभागों की टीमों को सक्रिय किया गया। टावर वैगन को तत्काल घटनास्थल पर भेजा गया और युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू किया गया।

रेलवे कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों का परिणाम रहा कि शाम 4:40 बजे ट्रैक को रेल संचालन के लिए सुरक्षित घोषित कर दिया गया। इसके बाद क्षतिग्रस्त ओएचई की मरम्मत भी तेजी से पूरी की गई और शाम 7:10 बजे विद्युत आपूर्ति बहाल होने के साथ रेल परिचालन पूरी तरह सामान्य कर दिया गया।

घटना के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर कई ट्रेनों को रास्ते में नियंत्रित किया गया। इनमें 22546 देहरादून-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस भी शामिल रही, जिसे कुछ समय के लिए रोका गया। बाद में सभी ट्रेनों का संचालन पुनर्निर्धारित समय के अनुसार कराया गया।

मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने घटना के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा दिखाई गई तत्परता, तकनीकी दक्षता और समन्वय की सराहना की। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में भी किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए रेलवे पूरी तरह तैयार है।

तेज आंधी और तूफान के बीच रेलवे की त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया कि आपदा जैसी परिस्थितियों में भी रेलकर्मी यात्रियों की सुरक्षा और रेल संचालन को सुचारु बनाए रखने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रहे हैं।

error: Content is protected !!