हज मुकम्मल होने पर नगर पंचायत चेयरमैन हाजी मोहम्मद याकूब ने देश की अमन-तरक्की के लिए मांगी दुआ

लव इंडिया,पाकबड़ा, मुरादाबाद। नगर पंचायत पाकबड़ा के चेयरमैन मोहम्मद याकूब इन दिनों हज के मुकद्दस सफर पर सऊदी अरब गए हुए हैं। बुधवार को उन्होंने फरीज़ा-ए-हज को मुकम्मल किया।

हज के अरकान पूरे करने के बाद चेयरमैन मोहम्मद याकूब ने मैदान-ए-अराफात और हरम शरीफ में खास तौर पर दुआ की। उन्होंने नगर पंचायत पाकबड़ा के सभी नागरिकों की खुशहाली, सेहत और सलामती के लिए दुआ मांगी। इसके साथ ही उन्होंने अपने मुल्क हिंदुस्तान में अमन-चैन, भाईचारा और तरक्की के लिए भी बारगाह-ए-इलाही में हाथ उठाए।

सऊदी अरब से भेजे गए अपने पैगाम में चेयरमैन मोहम्मद याकूब ने कहा, “अल्लाह का लाख-लाख शुक्र है कि उसने मुझे अपने घर का मेहमान बनाकर हज की सआदत नसीब फरमाई। मैंने यहां पाकबड़ा के हर घर और हिंदुस्तान के हर नागरिक के लिए दुआ की है। अल्लाह हमारे मुल्क को तरक्की की राह पर आगे बढ़ाए और हम सब में मोहब्बत व इत्तेहाद कायम रखे।”

उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि वे त्योहारों के इस मौसम में आपसी भाईचारा बनाए रखें और नगर की स्वच्छता में नगर पंचायत का सहयोग करें।

उल्लेखनीय है कि चेयरमैन मोहम्मद याकूब के हज पर होने के बावजूद नगर पंचायत पाकबड़ा में विकास कार्य और साफ-सफाई की व्यवस्थाएं सुचारू रूप से चल रही हैं। उनके निर्देश पर कर्मचारीगण पूरी मुस्तैदी से कार्य कर रहे हैं।

नगर के लोगों ने भी चेयरमैन मोहम्मद याकूब के हज की मुबारकबाद दी है और उनके हज-ए-मबरूर होने की दुआ की है।

error: Content is protected !!