लव इंडिया, मुरादाबाद। जनपद में धर्म रक्षा और गौ संरक्षण को लेकर शिवसेना ने व्यापक जनजागरण अभियान शुरू करने की तैयारी तेज कर दी है। इसी क्रम में स्टेशन रोड स्थित होटल ग्रैंड साई में आयोजित कार्यक्रम के दौरान शिवसेना पदाधिकारियों ने आचार्य अखिलेश दास जी का भगवा शॉल ओढ़ाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम में धर्म, गौ रक्षा और सनातन संस्कृति को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक के दौरान जगतगुरु शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद जी महाराज द्वारा संचालित धर्म रक्षा एवं गौ संरक्षण यात्रा को सफल बनाने पर मंथन किया गया। इस दौरान मुरादाबाद मंडल, जिला मुरादाबाद, बिलारी, ठाकुरद्वारा और महानगर क्षेत्र में बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने की जिम्मेदारी शिवसेना जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा और उनकी टीम को सौंपी गई।

शिवसेना जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा ने कहा कि धर्म और गौ रक्षा के लिए समाज को एकजुट करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि शिवसेना इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरे मुरादाबाद में व्यापक कार्यक्रम आयोजित करेगी और भगवा चेतना यात्रा को ऐतिहासिक बनाया जाएगा। उन्होंने जगतगुरु शंकराचार्य का आभार व्यक्त करते हुए इसे संगठन के लिए गौरवपूर्ण जिम्मेदारी बताया।
कार्यक्रम में यह भी निर्णय लिया गया कि यात्रा और आगामी आयोजनों को सफल बनाने के लिए 51 पदाधिकारियों की विशेष टीम गठित की गई है, जो अलग-अलग क्षेत्रों में समन्वय और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालेगी।

बैठक में मुख्य रूप से शिवसेना जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा, कमल सिंह राव, मुदित उपाध्याय, शिबू पांडे, अरुण ठाकुर, आकाश सिंह, राहुल सिंह, शिव कुमार, मयंक सैनी समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी पदाधिकारियों ने धर्म रक्षा और गौ संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।