लव इंडिया, मुरादाबाद। सीबीएसई बोर्ड की 12वीं कक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के कथित गलत मूल्यांकन और ऑनलाइन स्क्रीनिंग प्रक्रिया में त्रुटियों के विरोध में शिवसेना की छात्र इकाई विद्यार्थी सेना ने गुरुवार को अंबेडकर पार्क में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने काली पट्टियां बांधकर भूख हड़ताल की और बाद में जिला मुख्यालय पहुंचकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ज्ञापन सौंपा।

शिवसेना जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा के निर्देश पर आयोजित इस प्रदर्शन में छात्र-छात्राओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किए जाने का आरोप लगाया गया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि उत्तर पुस्तिकाओं के गलत मूल्यांकन के कारण अनेक मेधावी छात्र-छात्राओं के अंक प्रभावित हुए हैं, जिससे उनके उच्च शिक्षा और करियर पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
विद्यार्थी सेना के कार्यकर्ताओं ने कहा कि मूल्यांकन प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि ऑनलाइन स्क्रीनिंग और मूल्यांकन की खामियों के कारण कई छात्र मानसिक तनाव का शिकार हो रहे हैं। कुछ मामलों में आत्महत्या और आत्महत्या के प्रयास जैसी घटनाएं भी सामने आई हैं, जो गंभीर चिंता का विषय हैं।

अंबेडकर पार्क में भूख हड़ताल के बाद शिवसैनिकों ने जुलूस निकालकर जिला मुख्यालय तक मार्च किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “केंद्र सरकार होश में आओ”, “शिक्षा को बेचना बंद करो” और “छात्र हितों की रक्षा करो” जैसे नारे लगाए। जिला मुख्यालय पहुंचकर प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा गया।
ज्ञापन में सीबीएसई परीक्षा परिणामों की पुनः समीक्षा, मूल्यांकन प्रणाली की जांच और प्रभावित छात्र-छात्राओं को न्याय दिलाने की मांग की गई। साथ ही शिक्षा व्यवस्था में सुधार कर पारदर्शी और निष्पक्ष मूल्यांकन प्रणाली लागू करने की मांग भी उठाई गई।

प्रदर्शन में मुख्य रूप से आकाश सिंह, मयंक सैनी, अरुण ठाकुर, उमेश ठाकुर, तेजपाल सैनी, विक्की कश्यप, राहुल सिंह, पंकज पाल, विशाल सैनी, दीपक, कैलाश, कार्तिक, हरिओम, राजपाल सैनी, विक्की, सुरेश सैनी सहित बड़ी संख्या में शिवसैनिक और विद्यार्थी सेना के कार्यकर्ता मौजूद रहे।