मुरादाबाद। हिंदी पत्रकारिता दिवस की पूर्व संध्या पर उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट्स (उपज) मुरादाबाद इकाई द्वारा मुरादाबाद क्लब में भव्य वरिष्ठ पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पत्रकारिता, साहित्य, शिक्षा, सामाजिक एवं बौद्धिक जगत से जुड़े अनेक गणमान्य लोगों ने सहभागिता कर हिंदी पत्रकारिता की गौरवशाली परंपरा को नमन किया।
समारोह के मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त रहे। उन्होंने उपज मुरादाबाद इकाई के पदाधिकारियों के साथ मिलकर मुरादाबाद की पत्रकारिता परंपरा को समृद्ध करने वाले तीन वरिष्ठ पत्रकारों को ‘उपज पत्रकारिता गौरव सम्मान-2026’ से सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपज मुरादाबाद इकाई के अध्यक्ष हरि प्रकाश शर्मा ने की, जबकि संचालन महामंत्री कुमार देव ने किया।

कार्यक्रम की शुरुआत मीडिया सचिव अभिषेक भारद्वाज के स्वागत उद्बोधन से हुई। उन्होंने पत्रकार हितों के लिए उपज द्वारा किए जा रहे कार्यों, संगठन की गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों से जुड़े अभियानों की जानकारी दी तथा सभी अतिथियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार डॉ. मनोज रस्तोगी ने मुरादाबाद की हिंदी पत्रकारिता के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यहां की पत्रकारिता सदैव जनपक्षीय, निर्भीक और सामाजिक चेतना से परिपूर्ण रही है। उन्होंने पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, चुनौतियों और सामाजिक दायित्वों पर भी अपने विचार रखे।

उपज महिला विंग की अध्यक्ष कु. अभिव्यक्ति सिन्हा ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता केवल समाचारों का माध्यम नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र निर्माण की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने पत्रकारिता में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को सकारात्मक बदलाव बताया।
तीन वरिष्ठ पत्रकार हुए सम्मानित

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण वरिष्ठ पत्रकार सम्मान समारोह रहा, जिसमें तीन वरिष्ठ पत्रकारों को ‘उपज पत्रकारिता गौरव सम्मान-2026’ से अलंकृत किया गया।
सुरेंद्र कुमार शर्मा ‘मुन्ना गुरु’
वरिष्ठ पत्रकार सुरेंद्र कुमार शर्मा ‘मुन्ना गुरु’ को उनके दीर्घकालीन एवं जनपक्षीय पत्रकारिता योगदान के लिए सम्मानित किया गया। डॉ. मनोज रस्तोगी ने बताया कि 6 जून 1941 को जन्मे श्री शर्मा को पत्रकारिता के संस्कार उनके पिता एवं मुरादाबाद के प्रथम दंत चिकित्सक तथा प्रतिष्ठित पत्रकार डॉ. जगत प्रकाश शर्मा से विरासत में मिले। उन्होंने वर्ष 1961 से प्रकाशित साप्ताहिक समाचार पत्र ‘इंसान जाग उठा’ को वर्षों तक सामाजिक सरोकारों और निर्भीक पत्रकारिता के साथ आगे बढ़ाया।
हरिओम अग्रवाल
वरिष्ठ पत्रकार हरिओम अग्रवाल को भी पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। उनके बारे में वक्ताओं ने बताया कि वर्ष 1970 में स्थापित ‘अवरोध’ प्रिंटिंग प्रेस और साप्ताहिक समाचार पत्र ने मुरादाबाद की पत्रकारिता को नई दिशा दी। मुरादाबाद टेलीफोन डायरेक्टरी का लगातार 42 वर्षों तक प्रकाशन उनकी कर्मनिष्ठा और समाजोपयोगी सोच का प्रमाण है।
अखिलेश शर्मा
वरिष्ठ पत्रकार अखिलेश शर्मा को भी ‘उपज पत्रकारिता गौरव सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया। उनके संबंध में बताया गया कि वर्ष 1978 में उनके संपादन में प्रकाशित ‘फूलों की सेज’ मुरादाबाद का पहला सांध्य दैनिक समाचार पत्र था। उन्होंने स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, विश्वमानव, जेबीजी टाइम्स और सहकारी संसार जैसे प्रतिष्ठित समाचार संस्थानों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं तथा सामाजिक जागरूकता अभियानों में सक्रिय भूमिका अदा की।
लोकतंत्र की मजबूती में पत्रकारिता की अहम भूमिका: डॉ. जयपाल सिंह

मुख्य अतिथि डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में पत्रकारिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी पत्रकारिता ही समाज को सही दिशा दे सकती है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ पत्रकार नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत हैं और उनका अनुभव पत्रकारिता जगत की अमूल्य धरोहर है।
कार्यक्रम में पत्रकार एकता, जनपक्षीय पत्रकारिता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प दोहराया गया। अंत में उपाध्यक्ष सुशील शर्मा ने सभी सम्मानित पत्रकारों के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। अध्यक्षीय संबोधन में हरि प्रकाश शर्मा ने पत्रकारिता की गरिमा और सामाजिक उत्तरदायित्व पर अपने विचार रखे।

इस अवसर पर डॉ. ब्रजपाल सिंह यादव, बाबा संजीव आकांक्षी, डॉ. आनंद प्रकाश शर्मा, सत्य प्रकाश शर्मा, डॉ. विवेक गोयल, स्वतंत्र सक्सेना, कृति पंचाल, प्रेम प्रकाश सक्सेना, राजीव भाटिया, सत्येंद्र अग्रवाल, डॉ. मनोज रस्तोगी, एसपी शर्मा, वीरभान सिंह, वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्ट सुहेल खां सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, समाजसेवी, बुद्धिजीवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।