ट्रेन मैनेजर की सतर्कता से टला बड़ा हादसा, चलती ट्रेन से फिसली छात्रा की बची जान

उमेश लव, लव इंडिया, मुरादाबाद। उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल में ट्रेन मैनेजर की सतर्कता और त्वरित निर्णय क्षमता से एक बड़ा हादसा टल गया। गाड़ी संख्या 54391 में तैनात ट्रेन मैनेजर श्री ओमकार सिंह (द्वितीय) ने राजा का सहसपुर स्टेशन पर एक छात्रा की जान बचाकर मानवता और कर्तव्यनिष्ठा का उदाहरण पेश किया।


घटना शनिवार 17 मई 2026 की है। रेलवे प्रशासन के अनुसार स्टेशन राजा का सहसपुर (RJK) पर एक छात्रा चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान उसका पैर अचानक फिसल गया और वह असंतुलित होकर प्लेटफॉर्म पर ट्रेन के साथ घिसटने लगी।स्थिति बेहद गंभीर हो गई और कुछ सेकंड की देरी बड़ा हादसा बन सकती थी।


घटना के समय ड्यूटी पर मौजूद ट्रेन मैनेजर ओमकार सिंह ने तत्काल स्थिति को भांपते हुए बिना समय गंवाए ट्रेन पर प्रेशर लगाकर उसे रुकवाने की कार्रवाई की। उनकी सतर्कता और सूझबूझ के चलते ट्रेन समय रहते रुक गई और छात्रा को सुरक्षित बचा लिया गया।


रेलवे अधिकारियों के मुताबिक छात्रा ने भी साहस का परिचय देते हुए ट्रेन का हैंडल मजबूती से पकड़े रखा, जिससे ट्रेन रुकने तक स्थिति नियंत्रण में बनी रही और उसकी जान बच सकी। घटना के बाद छात्रा और उसके परिजनों ने ट्रेन मैनेजर ओमकार सिंह तथा रेलवे प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रेलवे कर्मचारियों की तत्परता और संवेदनशीलता के कारण बड़ा हादसा टल गया।


उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल ने ट्रेन मैनेजर की उत्कृष्ट सेवा भावना, सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी है। रेलवे प्रशासन ने कहा कि ट्रेन मैनेजर केवल ट्रेन संचालन तक सीमित नहीं रहते, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा के सजग प्रहरी के रूप में भी अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं।

error: Content is protected !!