महंगाई के खिलाफ सपा का हल्लाबोल: बैलगाड़ी से कलेक्ट्रेट पहुंचे कार्यकर्ता, पेट्रोल-डीजल कीमतों पर केंद्र-राज्य सरकार को घेरा

लव इंडिया, मुरादाबाद। देश में लगातार बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल की कीमतों, खाद्य सामग्री के दामों और बिजली संकट को लेकर समाजवादी पार्टी ने शुक्रवार को जोरदार प्रदर्शन किया।

सपा कार्यकर्ताओं ने जिला समाजवादी पार्टी कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकालकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।


प्रदर्शन का नेतृत्व जिला अध्यक्ष जयवीर सिंह यादव और महानगर अध्यक्ष इकबाल हुसैन अंसारी ने किया।

इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “महंगाई रोको”, “पेट्रोल-डीजल के दाम कम करो” और “जनता पर अत्याचार बंद करो” जैसे नारे लगाए।


प्रदर्शन में सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र बैलगाड़ी रही। महानगर अध्यक्ष इकबाल हुसैन अंसारी कार्यकर्ताओं के साथ बैलगाड़ी पर सवार होकर कलेक्ट्रेट पहुंचे।

सपा नेताओं ने कहा कि पेट्रोल और डीजल के लगातार बढ़ते दामों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है, इसलिए बैलगाड़ी के जरिए विरोध दर्ज कराया गया।


सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के कारण आम जनता महंगाई और बेरोजगारी से परेशान है।

खाद्य सामग्री, गैस सिलेंडर, बिजली और रोजमर्रा की जरूरतों के सामान के दाम लगातार बढ़ रहे हैं।

वहीं युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा और परीक्षाओं में गड़बड़ी से छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।


ज्ञापन में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कमी, बिजली व्यवस्था सुधारने, महंगाई पर नियंत्रण और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की गई।

प्रदर्शन में कांठ विधायक कमाल अख्तर, पूर्व विधायक हाजी युसूफ अंसारी, जिला महासचिव फुरकान अली, पूर्व विधायक हाजी रिजवान, पूर्व महानगर अध्यक्ष शोएब हसन पाशा, असलम पाशा, अधिवक्ता फरीद मलिक, पूर्व नगर अध्यक्ष अतहर हुसैन अंसारी, अफरोज जहां, दुर्गा शर्मा समेत बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

error: Content is protected !!