27 वर्षों की सेवा के बाद शिक्षिका अनीता गुप्ता सेवानिवृत्त, भावुक माहौल में दी विदाई

लव इंडिया, मुरादाबाद। विकासखंड छजलैट स्थित जूनियर हाई स्कूल में सोमवार को एक भावुक विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें 27 वर्षों तक शिक्षण कार्य करने वाली शिक्षिका अनीता गुप्ता को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।

विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन और संस्कारों का महत्व बताया


अपने संबोधन में अनीता गुप्ता ने कहा कि “छात्रों के मस्तिष्क में ‘राष्ट्र प्रथम’ का भाव जागृत करना ही जीवन का उद्देश्य होना चाहिए।” उन्होंने अपने लंबे शिक्षक जीवन के अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन और संस्कारों का महत्व बताया।

सांस्कृतिक गतिविधियों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया


उन्होंने अपने कार्यकाल में संस्कृत व हिंदी विषयों को योग, गायन और नवाचारी शिक्षण विधियों के माध्यम से पढ़ाकर विद्यार्थियों के जीवन में ज्ञान और सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया। उनके मार्गदर्शन में कई छात्र-छात्राओं ने न केवल शैक्षणिक बल्कि सांस्कृतिक गतिविधियों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

नम आंखों से रुकने का आग्रह करते नजर आए


विदाई समारोह के दौरान विद्यालय का वातावरण अत्यंत भावुक हो गया। छात्र-छात्राओं ने गीत, कविताएं और भावपूर्ण शब्दों के माध्यम से अपनी प्रिय शिक्षिका को विदाई दी। कई विद्यार्थी गेट तक उन्हें छोड़ने पहुंचे और नम आंखों से उन्हें रुकने का आग्रह करते नजर आए।

सभी को प्रेरणा मिलती रहेगी


प्रधानाध्यापिका बीना भंडारी ने कहा कि अनीता गुप्ता एक कुशल, अनुशासित और समर्पित शिक्षिका रही हैं, जिनके कार्यों से सभी को प्रेरणा मिलती रहेगी। सहयोगी शिक्षिकाओं अलका श्रीवास्तव और रितु बाला ने उनके शिक्षण कौशल को अनुकरणीय बताया। वहीं शिक्षक दीपक कुमार ने कहा कि ऐसे समर्पित शिक्षक बहुत कम देखने को मिलते हैं।

शिक्षिका के जीवन से जुड़े कई प्रेरणादायक संस्मरण साझा किए


समारोह के दौरान जब अनीता गुप्ता ने अपने मधुर स्वर में विदाई गीत प्रस्तुत किया तो उपस्थित सभी लोगों की आंखें नम हो गईं। कार्यक्रम का संचालन वर्तिका चौधरी ने किया, जिन्होंने शिक्षिका के जीवन से जुड़े कई प्रेरणादायक संस्मरण साझा किए।

छात्राओं ने विशेष प्रस्तुतियां देकर माहौल को और भावुक बना दिया


इस अवसर पर अभिभावकों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कक्षा 6 एवं 8 की छात्राओं ने विशेष प्रस्तुतियां देकर माहौल को और भावुक बना दिया। समारोह में महेश गुप्ता, मयूर, नमन, आरोही, मोनिका, मायरा और आरवी सहित कई लोग उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!