डबल मर्डर का खुलासा: राजा और फरहा की हत्या प्रॉपर्टी डीलर फहीम के बेटे फरजंद ने साथियों के संग की


उमेश लव, लव इंडिया, मुरादाबाद। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के चक्कर की मिलक में हुए सनसनीखेज डबल मर्डर का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि हत्या की वारदात को प्रॉपर्टी डीलर फहीम ने नहीं, बल्कि उसके बेटे फरजंद ने अपने साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया था।


क्या है पूरा मामला

20 अप्रैल 2026 की रात करीब 8 बजे चक्कर की मिलक इलाके में राजा (पुत्र नसीम) और उसकी पत्नी फरहा
की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई थी। दोनों मृतक अपने घर के पास ही रहते थे। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी।

24 हजार रुपये बना हत्या की वजह


पुलिस जांच में सामने आया कि करीब एक साल पहले फहीम, आरिफ और नवाब ने 2,24,000 रुपये में एक प्लॉट राजा को बेचा था। जिसमें 2 लाख रुपए भुगतान हो चुका था
और 24,000 रुपये बकाया थे। इसी बकाया रकम को लेकर विवाद चल रहा था।

ईंट मारकर सिर फोड़ने से बढ़ा विवाद

19 अप्रैल 2026 को जब आरोपी पक्ष पैसे मांगने गया, तो राजा ने गुस्से में ईंट फेंक दी जिससे फहीम का सिर फट गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। यहीं से मामला बदले की आग में बदल गया।

अस्पताल में बनी हत्या की साजिश

फहीम ने पुलिस को बताया कि अस्पताल में इलाज के दौरान उसने अपने बेटे फरजंद को घटना बताई। साथ ही आरिफ और नवाब ने भी उकसाया। इसके बाद फरजंद ने कहा “मैं बदला लूंगा” और वहीं से हत्या की साजिश तैयार हुई।

बेटे ने साथियों के साथ किया हमला


पुलिस के अनुसार फरजंद अपने साथ दो अन्य युवकों को लेकर राजा के घर पहुंचा और चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में राजा और उसकी पत्नी फरहा की मौके पर ही मौत हो गई

पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारी

इस मामले में मृतक के भाई सुऐब की तहरीर पर मुकदमा संख्या 238/2026, धारा 103(1)/61(2) BNS में केस दर्ज हुआ। पुलिस ने आरोपी फहीम को जिला अस्पताल से डिस्चार्ज के बाद हिरासत में लिया। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

गिरफ्तार आरोपी


फहीम पुत्र अब्दुल वाहिद निवासी: चक्कर की मिलक, सिविल लाइंस, मुरादाबाद

पुलिस टीम


इस पूरे मामले के खुलासे में प्रभारी निरीक्षक मनीष सक्सेना
निरीक्षक राजेश यादव, महिला निरीक्षक उषा मलिक, उपनिरीक्षक हरेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक तरुण कुमार, हेड कांस्टेबल सचिन कुमार की अहम भूमिका रही।

error: Content is protected !!