लव इंडिया, मुरादाबाद। शिवसेना जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा की अध्यक्षता में रविवार को पीतल नगरी स्थित शिवसेना कार्यालय पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए संगठन पदाधिकारियों से आम जनता की समस्याओं के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा ने कहा कि प्रदेश में लगातार बढ़ रही बिजली दरें, अघोषित बिजली कटौती, सरकारी कार्यालयों में बढ़ता भ्रष्टाचार, दूषित पेयजल की समस्या तथा मिलावटी सामान की बिक्री आम लोगों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गई है। उन्होंने कहा कि शिवसेना इन जनसमस्याओं को लेकर सड़क से लेकर प्रशासनिक स्तर तक आवाज उठाएगी।

वीरेंद्र अरोड़ा ने सरकार से बिजली दरों में की गई बढ़ोतरी को तत्काल वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि आम उपभोक्ता महंगाई की मार झेल रहा है और ऐसे समय में बिजली दरों में वृद्धि जनता पर अतिरिक्त बोझ डालने का काम कर रही है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मुरादाबाद आगमन के अवसर पर शिवसेना का एक प्रतिनिधिमंडल जनहित के विभिन्न मुद्दों और बढ़ते भ्रष्टाचार को लेकर ज्ञापन सौंपेगा। इसके लिए 21 पदाधिकारियों की टीम गठित की गई है, जो मुख्यमंत्री के समक्ष जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाएगी।

बैठक में संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने तथा विभिन्न जनसमस्याओं के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन चलाने की रणनीति पर भी चर्चा की गई।
इस अवसर पर कमल सिंह राव, शंभू पांडे, राजीव राठौर, जीतू भाई, अरुण ठाकुर, उमेश ठाकुर, विशाल सैनी, तेजपाल सैनी, जितेंद्र पासी, प्रमोद भाई, राजपाल सिंह सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।