फिरोजाबाद में डेढ़ साल के मासूम की हत्या से दहला यूपी, शादी से इनकार पर आरोपी ने बच्चे को जमीन पर पटक-पटककर मार डाला

फिरोजाबाद/शिकोहाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद क्षेत्र में मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने कथित तौर पर डेढ़ से दो साल के मासूम बच्चे को टॉफी दिलाने के बहाने घर से बाहर ले जाकर सड़क पर कई बार पटक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद पूरे प्रदेश में आक्रोश फैल गया।

कमजोर दिल वाले वीडियो को ना देखें

पुलिस के अनुसार यह घटना 30 मई 2026 को शिकोहाबाद की यादव कॉलोनी में हुई। मृतक बच्चे की पहचान आरव के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी जितेंद्र पाठक उर्फ विराज (24) बच्चे की मां के संपर्क में था और उससे शादी करना चाहता था।

पति से विवाद के बाद मायके में रह रही थी महिला

जानकारी के मुताबिक बच्चे की मां रति देवी का अपने पति से विवाद चल रहा था और वह काफी समय से मायके पक्ष के लोगों के साथ रह रही थी। इसी दौरान रिश्तेदारी में लगने वाला विराज परिवार के संपर्क में आया। बताया जा रहा है कि उसने महिला को शादी का प्रस्ताव दिया था, लेकिन महिला ने इसे स्वीकार नहीं किया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बच्चे को अपने और महिला के रिश्ते में बाधा मानता था। इसी वजह से उसने कथित तौर पर खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।

टॉफी दिलाने के बहाने ले गया, CCTV में कैद हुई वारदात

परिजनों के अनुसार आरोपी बच्चे को टॉफी दिलाने का बहाना बनाकर बाहर ले गया। कुछ देर बाद वह बच्चे को गंभीर हालत में छोड़कर फरार हो गया। परिवार जब बच्चे को अस्पताल लेकर पहुंचा तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सामने आई, जिसमें आरोपी बच्चे को सड़क पर कई बार पटकता दिखाई दिया। फुटेज वायरल होने के बाद घटना ने राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियां बटोरीं।

पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर कई टीमें गठित कीं। पुलिस के मुताबिक आरोपी फरार होने की कोशिश कर रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस ने उसकी घेराबंदी की। अधिकारियों का कहना है कि रोकने की कोशिश के दौरान आरोपी ने फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

इलाके में आक्रोश, परिवार ने मांगी कड़ी सजा

घटना के बाद शिकोहाबाद और आसपास के क्षेत्रों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों और परिजनों ने आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी साक्ष्यों को केस डायरी में शामिल किया जा रहा है।

सोशल मीडिया पर भी गूंजा मामला

सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी इस घटना को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। बड़ी संख्या में लोगों ने आरोपी को सख्त से सख्त सजा देने की मांग की है। वहीं पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वायरल वीडियो साझा करते समय संवेदनशीलता बरतें।

error: Content is protected !!