शाहजहांपुर को मिली वंदे भारत की सौगात, लेकिन ट्रैक टैम्पिंग के कारण कई ट्रेनें रहेंगी प्रभावित


लव इंडिया, शाहजहांपुर/मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर को जल्द ही हाईस्पीड रेल सेवा की बड़ी सौगात मिलने जा रही है। 3 जून 2026 से लखनऊ-देहरादून-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस (22545/22546) का शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर आधिकारिक ठहराव शुरू होगा। इस अवसर पर स्टेशन पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें केंद्रीय और राज्य स्तर के कई जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।


दूसरी ओर, वंदे भारत के स्वागत की तैयारियों के बीच रेलवे ने यात्रियों को एक महत्वपूर्ण सूचना भी जारी की है। शाहजहांपुर और रोजा स्टेशन के बीच ट्रैक टैम्पिंग एवं अनुरक्षण कार्य के चलते कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को पुनर्निर्धारित (री-शेड्यूल) किया गया है, जबकि कुछ पैसेंजर ट्रेनों का संचालन आंशिक रूप से प्रभावित रहेगा।


3 जून से शाहजहांपुर में रुकेगी वंदे भारत एक्सप्रेस
रेलवे द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 3 जून को सुबह 7 बजे शाहजहांपुर जंक्शन पर वंदे भारत एक्सप्रेस के ठहराव का शुभारंभ हरी झंडी दिखाकर किया जाएगा।


कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद, राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार कठेरिया, शाहजहांपुर सांसद अरुण कुमार सागर, वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना तथा अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति प्रस्तावित है।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि वंदे भारत के ठहराव से शाहजहांपुर, पीलीभीत, लखीमपुर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को राजधानी लखनऊ और उत्तराखंड की यात्रा में बड़ी सुविधा मिलेगी।


ट्रैक टैम्पिंग के लिए लिया जाएगा ट्रैफिक ब्लॉक


उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल के अनुसार शाहजहांपुर और रोजा स्टेशन पर ट्रैक की मजबूती और सुरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करने के लिए 29 मई से 4 जून तक मशीनों द्वारा ट्रैक टैम्पिंग कार्य किया जाएगा।
इस प्रक्रिया में रेलवे पटरियों के नीचे बिछी गिट्टी (बैलेस्ट) को विशेष मशीनों से व्यवस्थित एवं सघन बनाया जाता है, जिससे ट्रैक की स्थिरता बढ़ती है और ट्रेनों का संचालन अधिक सुरक्षित होता है।


ये प्रमुख ट्रेनें 240 मिनट देरी से चलेंगी


रेलवे की ओर से जारी सूची के अनुसार—
15074 टनकपुर–सिंगरौली एक्सप्रेस (29 मई)
15076 त्रिवेणी एक्सप्रेस (31 मई एवं 3 जून)
13152 जम्मूतवी–कोलकाता एक्सप्रेस
15910 लालगढ़–डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस
13042 जम्मूतवी–हावड़ा एक्सप्रेस
15098 जम्मूतवी–भागलपुर एक्सप्रेस
12588 जम्मूतवी–गोरखपुर एक्सप्रेस
निर्धारित तिथियों पर 240 मिनट (चार घंटे) विलंब से संचालित की जाएंगी।


दो पैसेंजर ट्रेनें रोजा तक ही चलेंगी


55059 सीतापुर–शाहजहांपुर पैसेंजर 30 मई और 1 जून को रोजा स्टेशन पर ही समाप्त होगी।
55060 शाहजहांपुर–सीतापुर पैसेंजर इन्हीं तिथियों में रोजा स्टेशन से ही रवाना होगी।


यात्रा से पहले स्थिति जांचने की अपील


रेल प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन की अद्यतन स्थिति रेलवे हेल्पलाइन 139 या NTES ऐप पर अवश्य जांच लें ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि ट्रैक अनुरक्षण कार्य पूरा होने के बाद रेल संचालन और अधिक सुरक्षित एवं सुगम होगा।

error: Content is protected !!