अप्रैल 2026 में मुरादाबाद मंडल ने कमाए 152 करोड़ रुपये से अधिक, यात्री आय में 17% वृद्धि

लव इंडिया, मुरादाबाद। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल ने अप्रैल-2026 में रेल राजस्व के क्षेत्र में नया रिकॉर्ड बनाते हुए 152 करोड़ रुपये से अधिक की आय अर्जित की है। मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती विनीता श्रीवास्तव के नेतृत्व में मंडल लगातार आधारभूत संरचना विकास, यात्री सुविधाओं के विस्तार और बेहतर परिचालन प्रबंधन की दिशा में कार्य कर रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम अब राजस्व में भी दिखाई दे रहे हैं।


मंडल प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार अप्रैल-2026 के दौरान मुरादाबाद मंडल में कुल 55.88 लाख यात्रियों की बुकिंग हुई, जिससे ₹107.54 करोड़ की यात्री आय प्राप्त हुई। यह किसी एक माह में मुरादाबाद मंडल द्वारा अर्जित अब तक की सर्वश्रेष्ठ यात्री आय मानी जा रही है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक अप्रैल-2025 की तुलना में अप्रैल-2026 में यात्री आय में लगभग 17 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।


इसके अतिरिक्त मंडल को अन्य कोचिंग मद से ₹7.39 करोड़, माल भाड़ा आय से ₹34.76 करोड़ तथा विविध आय मदों से ₹2.38 करोड़ की आय प्राप्त हुई। इस प्रकार अप्रैल-2026 में मंडल की कुल आय ₹152.07 करोड़ तक पहुंच गई, जो पिछले वर्ष अप्रैल-2025 की तुलना में 9.08 प्रतिशत अधिक है। रेल प्रशासन का कहना है कि यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और गुणवत्तापूर्ण रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। आधुनिक यात्री सुविधाओं का विस्तार, बेहतर टिकटिंग व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा और परिचालन दक्षता में सुधार के कारण यात्रियों का भरोसा बढ़ा है, जिसका सीधा असर राजस्व वृद्धि के रूप में सामने आया है।


मुरादाबाद मंडल ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी यात्री हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उत्कृष्ट रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रयास जारी रहेंगे। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि मंडल की उपलब्धियां टीमवर्क और बेहतर प्रबंधन का परिणाम हैं तथा आने वाले समय में भी रेलवे यात्री सुविधाओं को और मजबूत करने की दिशा में कार्य करता रहेगा।

error: Content is protected !!