संभल में सपा ने मनाई डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती, युवाओं को उनके विचारों से प्रेरणा लेने का आह्वान

लव इंडिया, संभल। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देशानुसार संभल में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान वैज्ञानिक डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती मनाई। इस अवसर पर उपस्थित नेताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और देश के लिए उनके योगदान को याद किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष असगरी अंसारी ने की, जबकि संचालन जिला महासचिव कृष्ण मुरारी शंखधार ने किया।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष असगरी अंसारी ने कहा कि डॉ. अब्दुल कलाम का जन्म 15 अक्टूबर 1931 को तमिलनाडु के रामेश्वरम में हुआ था। साधारण परिवार से आने के बावजूद उन्होंने शिक्षा और मेहनत के दम पर देश-दुनिया में अपनी पहचान बनाई। उन्होंने एयरोनॉटिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की और भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) तथा रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उन्होंने कहा कि डॉ. कलाम को भारत का ‘मिसाइल मैन’ कहा जाता है। अग्नि और पृथ्वी जैसी मिसाइलों के विकास तथा वर्ष 1998 के पोखरण परमाणु परीक्षणों में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। वे 25 जुलाई 2002 से 25 जुलाई 2007 तक भारत के 11वें राष्ट्रपति रहे। अपनी सादगी, ज्ञान और बच्चों तथा युवाओं से जुड़ाव के कारण उन्हें ‘जनता का राष्ट्रपति’ भी कहा जाता था।

जिला महासचिव कृष्ण मुरारी शंखधार ने कहा कि डॉ. कलाम को पद्म भूषण, पद्म विभूषण और भारत रत्न जैसे प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा गया। उनकी पुस्तकें विंग्स ऑफ फायर, इग्नाइटेड माइंड्स और इंडिया 2020 आज भी युवाओं को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने कहा कि 27 जुलाई 2015 को शिलांग में विद्यार्थियों को व्याख्यान देते समय डॉ. कलाम का निधन हो गया था। उनका जीवन देश की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।

कार्यक्रम में डॉ. कलाम के जीवन, शिक्षा, वैज्ञानिक उपलब्धियों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद करते हुए उनके विचारों को अपनाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में ममता मधुकर, सुनीता यादव, शारदा यादव, इरफान प्रधान, सईद अख्तर, इजरायली, शोभित कुमार, काका, फखरे आलम, ताहिर उल्ला खान, भगवानदास यादव, बलवंत सिंह, रवि दिवाकर, ज्ञानेंद्र यादव, ताहिर सलामी और हाफिज अंजार सहित अन्य लोगों ने विचार व्यक्त किए।

इस अवसर पर शिवम यादव, अमरपाल यादव, कल्याण सिंह, सत्यवीर यादव, मोहित यादव, डॉ. अकरम, आस मोहम्मद, हाजी अकबर, फैयाज प्रधान, इंद्र प्रकाश, तेजपाल सिंह, चरक सिंह, रियासत भाई, फराज, असगर अंसारी, साबिर खान, नजाकत, मंजर खान, बृजपाल सिंह, अकील अंसारी और अरविंद यादव सहित सपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

error: Content is protected !!