मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मुरादाबाद में कांग्रेस का प्रदर्शन, पुतला छीनने को लेकर पुलिस से हुई धक्का-मुक्की



उमेश लव लव इंडिया मुरादाबाद। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस के देशव्यापी विरोध प्रदर्शन के तहत सोमवार को मुरादाबाद में जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सवाल उठाते हुए इसे ‘वोट चोरी’ के आरोपों से जोड़ा है।


मुरादाबाद में कांग्रेस कार्यकर्ता सिविल लाइंस स्थित अंबेडकर पार्क पर एकत्र हुए। यहां से कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए पैदल मार्च शुरू किया और नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट की ओर रवाना हुए।

पुतला छीनने को लेकर पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में धक्का-मुक्की


प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला लेकर आगे बढ़ रहे थे। अंबेडकर पार्क से कुछ दूरी पर पुलिस ने पुतला लेने का प्रयास किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। कांग्रेस नेताओं के अनुसार पुलिस ने पुतला अपने कब्जे में ले लिया।


कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनोद गुम्बर ने दावा किया कि प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दो पुतले जला दिए, जबकि तीन पुतले पुलिस ने उनसे छीन लिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त के संबंध में नारे लिखे पोस्टरों को पुलिस प्रशासन ने हटाया/अपने कब्जे में लिया।


इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां उन्होंने प्रदर्शन और नारेबाजी की तथा मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ अपने विरोध को दर्ज कराया।


कांग्रेस ने उठाए चुनाव प्रक्रिया और SIR से जुड़े सवाल


कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर उनकी आपत्तियां हैं। पार्टी की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी उठाई जा रही है। देश के विभिन्न हिस्सों में कांग्रेस ने इसी मुद्दे पर प्रदर्शन किए हैं।


हालांकि, चुनाव आयोग से जुड़े अधिकारियों ने SIR और आयोग के भीतर निर्णयों को लेकर लगाए गए कुछ आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि आयोग के निर्णय तीनों चुनाव आयुक्तों की मंजूरी से लिए जाते हैं।


ये कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद


प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष विनोद गुम्बर, महानगर अध्यक्ष जुनैद इकराम उर्फ बंटी, पूर्व जिलाध्यक्ष अजय सारस्वत सोनी, पूर्व जिलाध्यक्ष असलम खुर्शीद, पूर्व महानगर अध्यक्ष अनुभव मेहरोत्रा, पूर्व विधायक फूल कुंवर, असद मौलाई, नजाकत ठेकेदार, मुशाहिद चौधरी, मोहम्मद अब्बास, राजेश पाल, पार्षद नदीम अंसारी, मुआजम अली, शमशेर अली, शकील, रेहान, कमर सलीम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इसके अलावा दी बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी मुरादाबाद के अध्यक्ष आनंद मोहन गुप्ता, शिवराज सिंह गुर्जर, मौहतसिम मुख्तार, मोहम्मद शकील, मौअज्जम अली, मोहम्मद जुनेद, मोहम्मद रेहान, अरशद परवेज एडवोकेट, मोहम्मद अब्बास एडवोकेट आदि भी प्रदर्शन में शामिल रहे।

error: Content is protected !!