शाहजहांपुर-रोज़ा रेलखंड पर ट्रैक टैम्पिंग कार्य, कई ट्रेनें चार घंटे तक लेट चलेंगी

लव इंडिया, मुरादाबाद। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल ने शाहजहांपुर और रोज़ा रेलवे स्टेशनों के बीच रेल पटरियों के अनुरक्षण एवं सुरक्षा कार्य के लिए ट्रैफिक ब्लॉक लेने का निर्णय लिया है। इस दौरान ट्रैक टैम्पिंग मशीनों से पटरियों को मजबूत और समतल बनाने का कार्य किया जाएगा, जिसके चलते कई एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ेगा।


रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रैक टैम्पिंग रेलवे ट्रैक के नियमित रखरखाव का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस प्रक्रिया में पटरियों के नीचे बिछी गिट्टी (बैलेस्ट) को विशेष मशीनों की सहायता से व्यवस्थित और मजबूत किया जाता है, जिससे ट्रैक की स्थिरता बढ़ती है तथा ट्रेनों का संचालन अधिक सुरक्षित और सुगम बनता है।


मुरादाबाद मंडल द्वारा 29 मई से 4 जून 2026 तक विभिन्न तिथियों में ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा। इसके कारण कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को पुनर्निर्धारित किया गया है। टनकपुर-सिंगरौली एक्सप्रेस, त्रिवेणी एक्सप्रेस, जम्मूतवी-कोलकाता एक्सप्रेस, लालगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस, जम्मूतवी-हावड़ा एक्सप्रेस, जम्मूतवी-भागलपुर एक्सप्रेस तथा जम्मूतवी-गोरखपुर एक्सप्रेस अपने प्रारंभिक स्टेशन से 240 मिनट यानी चार घंटे की देरी से रवाना होंगी।


इसके अलावा सीतापुर-शाहजहांपुर पैसेंजर और शाहजहांपुर-सीतापुर पैसेंजर ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित रहेगा। 30 मई और 1 जून को सीतापुर-शाहजहांपुर पैसेंजर रोज़ा स्टेशन पर ही समाप्त होगी, जबकि वापसी में शाहजहांपुर-सीतापुर पैसेंजर रोज़ा स्टेशन से संचालित की जाएगी।


रेल प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति की जानकारी रेलवे हेल्पलाइन 139 अथवा एनटीईएस (NTES) के माध्यम से प्राप्त करने की अपील की है। रेलवे ने कहा है कि यह कार्य रेल सुरक्षा और बेहतर संचालन के लिए आवश्यक है तथा असुविधा के लिए यात्रियों से खेद व्यक्त किया गया है।

error: Content is protected !!