World Thalassemia Day पर जिला अस्पताल में हुआ रक्तदान शिविर


लव इंडिया, मुरादाबाद। विश्व थैलीसीमिया दिवस के अवसर पर जिला अस्पताल मुरादाबाद में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन रोटरी क्लब सेंट्रल मुरादाबाद एवं सामाजिक संस्था “परिवर्तन द चेंज” के संयुक्त तत्वावधान में सम्पन्न हुआ।


कार्यक्रम का उद्देश्य थैलीसीमिया पीड़ित बच्चों और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना रहा। शिविर में युवाओं और समाजसेवियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया।


रक्तदान शिविर की व्यवस्था और संचालन रोटरी क्लब सेंट्रल मुरादाबाद के अध्यक्ष अजय मेहरोत्रा, असिस्टेंट गवर्नर डॉ. गौरव कुमार, उदित सिंघल, कपिल, आदित्य, रुद्र तथा डॉ. शिल्पा अग्रवाल की देखरेख में किया गया।


आयोजकों ने कहा कि थैलीसीमिया जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित बच्चों को नियमित रूप से रक्त की आवश्यकता होती है। ऐसे में समाज के लोगों को आगे आकर रक्तदान करना चाहिए ताकि किसी भी मरीज को रक्त की कमी का सामना न करना पड़े।


कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के महत्व के बारे में जानकारी भी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि एक यूनिट रक्त कई लोगों की जिंदगी बचाने में सहायक हो सकता है। शिविर के अंत में सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया गया और उन्हें प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

error: Content is protected !!