रामपुर में अधिवक्ता की हत्या पर मुरादाबाद में उबाल, वकीलों ने जुलूस निकालकर लगाया जाम


उमेश लव, लव इंडिया, मुरादाबाद। रामपुर में अधिवक्ता की दिनदहाड़े हत्या के विरोध में मुरादाबाद के वकीलों में गहरा रोष देखने को मिला। गुरुवार को अधिवक्ताओं ने दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी से पीली कोठी तक जुलूस निकालकर नारेबाजी की और बाद में जाम लगाकर विरोध दर्ज कराया। इस दौरान अधिवक्ताओं ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और वकीलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की एडवोकेट प्रोटेक्शन को लागू करने की उठाई।


दि बार एसोसिएशन में शोक सभा आयोजित


रामपुर में बुधवार को अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना के बाद गुरुवार को दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी में शोक सभा आयोजित की गई। सभा में उपस्थित अधिवक्ताओं ने दिवंगत अधिवक्ता की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की और घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया।
शोक सभा का संचालन महासचिव कपिल गुप्ता ने किया, जबकि अध्यक्षता बार एसोसिएशन के अध्यक्ष आनंद मोहन गुप्ता ने की।


वकीलों की सुरक्षा को लेकर उठाए सवाल


सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि वकीलों की सुरक्षा को लेकर प्रभावी व्यवस्था नहीं होने से आए दिन अधिवक्ताओं के साथ आपराधिक घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं को अपने अधिकारों और सुरक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करना होगा।


कलेक्ट्रेट से पीली कोठी तक निकाला जुलूस


शोक सभा के बाद अधिवक्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर से पीली कोठी तक जुलूस निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान वकीलों ने नारेबाजी करते हुए हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
पीली कोठी पहुंचकर अधिवक्ताओं ने कुछ समय के लिए जाम लगाकर विरोध दर्ज कराया और जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा।


ज्ञापन के माध्यम से न्याय की मांग


अधिवक्ताओं ने ज्ञापन के जरिए घटना की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए ठोस व्यवस्था लागू करने की मांग की।


ये पदाधिकारी रहे मौजूद


कार्यक्रम में जॉइंट सेक्रेटरी एडमिनिस्ट्रेशन जितेंद्र प्रताप सिंह (जेपी), संयुक्त सचिव आवरण अग्रवाल श्रेष्ठ, उपाध्यक्ष अंजार हुसैन, पुनीत चौहान, विजेंद्र राज सिंह, सुनील सक्सेना सहित कई अधिवक्ता मौजूद रहे।

error: Content is protected !!