गर्मियों में यात्रियों को राहत: मुरादाबाद मंडल से चलेंगी स्पेशल ट्रेनें, कई ट्रेनों में बढ़े अतिरिक्त कोच

उमेश लव लव इंडिया मुरादाबाद।गर्मी की छुट्टियों और बढ़ती यात्री भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल ने यात्रियों की सुविधा के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। मंडल प्रशासन ने जहां धनबाद-चंडीगढ़ के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है, वहीं उधना-योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस को नियमित रूप से संचालित करने और कई ट्रेनों में अतिरिक्त स्लीपर कोच लगाने का निर्णय भी लिया गया है। इससे उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, पंजाब, झारखंड और महाराष्ट्र की यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।


उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, स्पेशल ट्रेन संख्या 03311/03312 धनबाद-चंडीगढ़-धनबाद साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का संचालन 24 मई 2026 से 14 जुलाई 2026 तक किया जाएगा। ट्रेन में वातानुकूलित, स्लीपर एवं सामान्य श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे। यह ट्रेन हरिद्वार, सहारनपुर, बरेली, मुरादाबाद और गाजियाबाद सहित कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी।


धनबाद-चंडीगढ़ स्पेशल ट्रेन का संचालन


ट्रेन संख्या 03311 धनबाद से प्रत्येक रविवार और गुरुवार को चलेगी।
ट्रेन संख्या 03312 चंडीगढ़ से प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को रवाना होगी।
स्पेशल ट्रेन का संचालन कुल 15 फेरों के लिए किया जाएगा।
मुरादाबाद मंडल ने यात्रियों को एक और बड़ी सौगात देते हुए ट्रेन संख्या 07363/07364 उधना-योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस को नियमित संचालन में शामिल कर दिया है। पहले यह ट्रेन साप्ताहिक स्पेशल के रूप में चलाई जा रही थी, लेकिन यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए अब इसे नियमित ट्रेन का दर्जा दिया गया है।


उधना-योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस अब नियमित


रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रेन संख्या 17363 उधना-योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस प्रत्येक सोमवार को संचालित होगी।
ट्रेन संख्या 17364 योगनगरी ऋषिकेश-उधना एक्सप्रेस प्रत्येक गुरुवार को चलेगी।
ट्रेन हरिद्वार, रुड़की, टपरी, देवबंद, मुजफ्फरनगर, मेरठ, गाजियाबाद, मथुरा, आगरा कैंट, ग्वालियर और पुणे सहित कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी।
इसके अलावा गर्मियों में अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कई ट्रेनों में अतिरिक्त स्लीपर कोच लगाने का भी फैसला लिया गया है। रेलवे प्रशासन का कहना है कि इससे यात्रियों को कन्फर्म सीट मिलने में मदद मिलेगी और लंबी दूरी की यात्रा अधिक आरामदायक हो सकेगी।


इन ट्रेनों में लगेंगे अतिरिक्त स्लीपर कोच


मुरादाबाद मंडल द्वारा जारी सूची के अनुसार निम्न ट्रेनों में अतिरिक्त स्लीपर कोच लगाए जाएंगे:
04008 आनंद विहार- जोगबनी
04007 जोगबनी- आनंद विहार
14207 पद्मावत एक्सप्रेस
14208 पद्मावत एक्सप्रेस
14205 अयोध्या कैंट-दिल्ली
14206 दिल्ली-अयोध्या कैंट
14235 वाराणसी-बरेली
14236 बरेली-वाराणसी
22420 आनंद विहार-गाजीपुर सिटी
22419 गाजीपुर सिटी-आनंद विहार
14308 बरेली- प्रयागराज संगम
14307 प्रयागराज संगम-बरेली


रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए यह व्यवस्था की गई है। मंडल प्रशासन लगातार ट्रेनों की भीड़ की निगरानी कर रहा है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी अतिरिक्त कोच या विशेष ट्रेनें चलाई जा सकती हैं।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन की समय-सारिणी और आरक्षण स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।

error: Content is protected !!