टोल प्लाजा प्रकरण पर किसानों की महापंचायत, दोषियों पर कार्रवाई की मांग


लव इंडिया, मुरादाबाद। बिलारी टोल प्लाजा पर किसानों के साथ कथित मारपीट और अत्याचार के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (महात्मा टिकैत) ने सिविल लाइन स्थित अंबेडकर पार्क में महापंचायत आयोजित की। महापंचायत में बड़ी संख्या में किसान जुटे और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।


महापंचायत को संबोधित करते हुए भारतीय किसान यूनियन (महात्मा टिकैत) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल तालान ने कहा कि किसानों के सम्मान और अधिकारों के साथ किसी भी तरह का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि टोल प्लाजा पर किसानों के साथ अभद्रता और मारपीट की गई, जिसके विरोध में संगठन आंदोलन कर रहा है।


इसके बाद किसान नेताओं ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि टोल प्लाजा पर हुई घटना के दौरान किसानों पर गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए, जबकि सीसीटीवी फुटेज की निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए।


किसान नेताओं ने कहा कि यदि किसानों को न्याय नहीं मिला तो संगठन बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगा। महापंचायत और ज्ञापन कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष सुशील चौधरी, सोलेंद्र यादव, सुमित चौधरी, विक्की चौधरी, पंकज चौधरी, विवेक यादव, जितेंद्र सिंह समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

error: Content is protected !!