तुरैहा समाज को SC प्रमाणपत्र जारी करने की मांग, VIP ने निकाला जुलूस; 2027 चुनाव से पहले आरक्षण नहीं मिला तो भाजपा को वोट न देने की चेतावनी

लव इंडिया, मुरादाबाद। विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. रामेश्वर दयाल तुरैहा (एड.) के नेतृत्व में अंबेडकर पार्क (सिविल लाइंस) से जिलाधिकारी कार्यालय तक जुलूस निकालकर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से प्रेषित किया गया।

ज्ञापन में तुरैहा जाति के लोगों को अनुसूचित जाति (SC) के प्रमाणपत्र जारी करने तथा कश्यप, निषाद, मल्लाह, पाल, प्रजापति, राजभर सहित अन्य संबंधित जातियों को अनुसूचित जाति का दर्जा देने की मांग उठाई गई।

सरकार से वादे पूरे करने की मांग

प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. रामेश्वर दयाल तुरैहा ने कहा कि सत्ता में आने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संबंधित जातियों को आरक्षण दिलाने के लिए आंदोलन किए थे तथा सरकार बनने के बाद आरक्षण देने का वादा भी किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के दस वर्ष बीतने के बावजूद इन समाजों को आरक्षण का लाभ नहीं मिला है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले आरक्षण की मांग पूरी नहीं की गई तो कश्यप, निषाद, कहार, बिंद, बाथम, मल्लाह, केवट, पाल, प्रजापति, भर और राजभर सहित संबंधित समाजों के लोग भाजपा को वोट नहीं करेंगे।

कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद

धरना-प्रदर्शन एवं ज्ञापन कार्यक्रम में सुनील कश्यप, मुकेश कश्यप, अजय तुरैहा, ओमकार प्रजापति, ठाकुर मंजु राठौर, हर्षित प्रजापति, मान सिंह गौतम सहित पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

error: Content is protected !!