श्री बालाजी ज्ञान ज्योति संस्थान में हर्षोल्लास से मनाया गया बाल दिवस, खेल प्रतियोगिताओं में बच्चों ने दिखाया उत्साह

संभल। हल्लू सराय स्थित श्री बालाजी ज्ञान ज्योति संस्थान में 14 नवंबर को बाल दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य दीपक शर्मा, विकास कुमार वर्मा एवं समस्त स्टाफ ने भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर और माल्यार्पण करके किया।

इसके बाद विद्यालय के विभिन्न कक्षाओं के छात्र-छात्राओं के लिए खेल प्रतियोगिताओं और मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इनमें सादा दौड़, अमरूद दौड़, गुब्बारे फोड़ना, खो-खो, कबड्डी, लंगड़ी दौड़ और कुर्सी दौड़ जैसी प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य दीपक शर्मा ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू बच्चों से बहुत प्रेम करते थे। बच्चे उन्हें प्यार से चाचा नेहरू कहकर पुकारते थे। उनके जन्मदिन 14 नवंबर को बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने बच्चों को खेलकूद और अन्य गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

सहायक अध्यापिका अनीता श्रीवास्तव ने कहा कि बाल दिवस बच्चों के अधिकारों, खुशियों और उनके उज्ज्वल भविष्य के प्रति जागरूकता का अवसर है। वहीं विकास कुमार वर्मा ने कहा कि विद्यालय में आयोजित शारीरिक गतिविधियों और खेलों से बच्चों का मनोरंजन होने के साथ उनका शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है। ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों का आत्मविश्वास भी बढ़ाती हैं। कार्यक्रम में अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

प्रतियोगिताओं के समापन पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। इसके साथ ही सभी बच्चों को बिस्कुट और टॉफियां वितरित की गईं।

कार्यक्रम के दौरान आकांक्षा ठाकुर, पायल, ज्योति, अनीता श्रीवास्तव, प्रियंका, रूपाली, विशाखा ठाकुर, अंशिका शर्मा, दीपक शर्मा, विकास कुमार वर्मा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।


error: Content is protected !!