मुरादाबाद बार एसोसिएशन की एल्डर्स कमेटी के नए चेयरमैन बने विजय गुप्ता एडवोकेट
मुरादाबाद। दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी मुरादाबाद की कार्यकारिणी ने वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पूर्व अध्यक्ष विजय गुप्ता एडवोकेट को एल्डर्स कमेटी का नया चेयरमैन नियुक्त किया है। 17 नवंबर 2026 को कार्यकारिणी कक्ष में हुई बैठक में सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पारित किया गया। उनके नेतृत्व में आगामी बार चुनाव पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराने की जिम्मेदारी होगी।

बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी की बैठक में 3 जून 2026 को लिए गए निर्णय के संबंध में विचार-विमर्श किया गया। बैठक में पूर्व चेयरमैन रमाशंकर गुप्ता को पद से हटाने और उनके स्थान पर सुधीर गुप्ता एडवोकेट को एल्डर्स कमेटी का चेयरमैन बनाने के पूर्व निर्णय का अवलोकन किया गया। हालांकि, सुधीर गुप्ता एडवोकेट द्वारा चेयरमैन पद स्वीकार नहीं किए जाने के कारण नए नाम पर विचार किया गया।
इसके बाद वरिष्ठता क्रम में दूसरे स्थान पर आने वाले विजय गुप्ता एडवोकेट को चेयरमैन बनाए जाने का प्रस्ताव रखा गया। कार्यकारिणी ने उन्हें बैठक में आमंत्रित कर पद स्वीकार करने का अनुरोध किया। विजय गुप्ता ने सहमति जताई, जिसके बाद सर्वसम्मति से उन्हें एल्डर्स कमेटी का नया चेयरमैन बनाने का प्रस्ताव पारित कर दिया गया।
इस अवसर पर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष आनंद मोहन गुप्ता ने विजय गुप्ता को बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में आगामी चुनाव पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ कराया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि एल्डर्स कमेटी को कार्यकारिणी की ओर से जिस भी सहयोग की आवश्यकता होगी, वह उपलब्ध कराया जाएगा।
बैठक का संचालन बार के महासचिव कपिल गुप्ता ने किया। इस दौरान एल्डर्स कमेटी के सदस्य महेश चंद्र त्यागी भी मौजूद रहे।
बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष अंजार हुसैन, कोषाध्यक्ष अजय बंसल, उपाध्यक्ष सचिन शर्मा, संयुक्त सचिव आवरण अग्रवाल, जितेंद्र प्रताप सिंह (जेपी), रमापंत पाण्डेय, वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य आशीष उपाध्याय, शिवकुमार गौतम, जाबिर हुसैन, कैलाश कुमार, सुरेश सिंह, कनिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य पंकज शर्मा, काजल सिंह, सचिन कुमार, सुनील कुमार सक्सेना और कार्यालय प्रभारी विशाल भारद्वाज उपस्थित रहे।
