Moradabad में SP MP रुचि वीरा के घर के बाहर धरने पर बैठीं BJP MLA की पत्नी अल्पना रितेश

उमेश लव, लव इंडिया, मुरादाबाद। मुरादाबाद में महिला आरक्षण बिल को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र स्थित समाजवादी पार्टी की सांसद रुचि वीरा के आवास के बाहर भाजपा महिला मोर्चा और महिला जन आक्रोश मंच से जुड़ी महिलाओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए धरना शुरू कर दिया। इसमें भारतीय जनता पार्टी के शहर विधायक रितेश गुप्ता की पत्नी अपना रितेश गुप्ता भी शामिल हैं। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि संसद में महिला आरक्षण बिल के विरोध में मतदान कर महिलाओं के अधिकारों और सम्मान के साथ विश्वासघात किया गया है।


सोमवार को सांसद आवास के बाहर बड़ी संख्या में भाजपा समर्थक और महिला कार्यकर्ता एकत्र हुए। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने “नारी शक्ति का स्वाभिमान, विपक्ष ने फिर किया अपमान” जैसे नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने सांसद आवास के सामने टेंट लगाकर धरना शुरू कर दिया और चेतावनी दी कि जब तक उन्हें जवाब नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।


धरने को संबोधित करते हुए बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान की संयोजिका अल्पना रितेश गुप्ता ने कहा कि देश में महिलाओं को राजनीतिक रूप से मजबूत बनाने के लिए महिला आरक्षण बिल ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने महिलाओं को उनका अधिकार देने के बजाय राजनीतिक विरोध की मानसिकता दिखाई है। उन्होंने कहा कि महिलाएं अब अपने सम्मान और अधिकारों के मुद्दे पर चुप नहीं बैठेंगी।

प्रदर्शनकारियों ने घोषणा की कि यह आंदोलन तीन दिनों तक जारी रखा जाएगा। वहीं सांसद आवास के बाहर बढ़ते विरोध और तनाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया। मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति पैदा न हो।


राजनीतिक जानकारों का मानना है कि महिला आरक्षण बिल को लेकर अब संसद के बाद सड़कों पर भी राजनीतिक लड़ाई तेज होती दिखाई दे रही है। मुरादाबाद में हुआ यह प्रदर्शन आने वाले दिनों में स्थानीय राजनीति को और गर्मा सकता है।


धरने में शामिल भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी सांसद रुचि वीरा से सार्वजनिक रूप से अपना पक्ष स्पष्ट करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान पार्षद रुचि चौधरी, आदेश चौधरी, अंजना सहगल, रंजना शर्मा, प्रीति कश्यप, सिमरन कौर, ज्योति वाल्मीकि, पार्षद राधा रानी, सुनीता शर्मा समेत बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।


error: Content is protected !!