नवीन नगर में तिराहे पर शराब के ठेके के पास युवक को गोली मारी
लव इंडिया, मुरादाबाद। जनपद मुरादाबाद के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में अलग-अलग घटनाओं में पुलिस ने दर्ज कराई गई शिकायतों के आधार पर मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक मामले में युवक को गोली मारने का आरोप है, जबकि दूसरे मामले में कार का शीशा तोड़ने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
पहला मामला: शराब के ठेके के पास युवक को गोली मारी
एफआईआर के अनुसार, नीलम खन्ना पत्नी नवीन खन्ना, निवासी मकान संख्या-7, नवीन नगर, मानसरोवर स्कूल के पास, थाना सिविल लाइंस, मुरादाबाद ने शिकायत दर्ज कराई है कि 9 जुलाई 2026 की रात करीब 11 बजे उनके पति नवीन खन्ना नवीन नगर तिराहे के पास शराब के ठेके के निकट पहुंचे थे। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद धुन्नू खन्ना पुत्र राजकुमार, निवासी मुर्शदपुर, थाना मझोला, मुरादाबाद, तथा उसका एक साथी नक्की पुरानी रंजिश के चलते जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर कर दिया।
शिकायत के मुताबिक गोली नवीन खन्ना के हाथ में लगी। घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दूसरा मामला: कार का शीशा तोड़ने और जान से मारने की धमकी का आरोप
दूसरे मामले में नवीन पुत्र खलील अहमद, निवासी बरवाला मजरा, थाना कटघर, मुरादाबाद ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह एक रिश्तेदार के यहां आयोजित समारोह में गया था। आरोप है कि वहां बिलाल पुत्र जुल्कफार और जीशान पुत्र जुल्कफार ने उसकी कार का शीशा तोड़ दिया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपियों ने मोबाइल फोन पर भी उसे और उसके रिश्तेदारों को जान से मारने की धमकी दी। एफआईआर में कहा गया है कि शिकायतकर्ता के पास कथित धमकी से संबंधित कॉल रिकॉर्डिंग मौजूद है, जिसे आवश्यकता पड़ने पर पुलिस को उपलब्ध कराया जाएगा। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
