लंका पर श्रीराम ने नहीं देवी सीता के सतीत्व ने विजय प्राप्त की: गुंजा गुप्ता
संजीव गुप्ता, लव इंडिया, संभल । हिंदू जागृति महिला मंच की सदस्यों ने सीता नवमी पर्व धूमधाम से मना कर माता सीता के सतीत्व, मर्यादा एवं आदर्श से शिक्षा लेने का आह्वान किया।
नगर के मोहल्ला ठेर पर स्थित महिला मंडल मंदिर में आयोजित सीता नवमी पर्व के अवसर पर विचार गोष्ठी आयोजित की गई जिसमें हिंदू जागृति महिला मंच की नगर अध्यक्ष गुंजा गुप्ता ने कहा कि लंका विजय भगवान श्री राम के कारण नहीं वल्कि देवी सीता के सतीत्व के कारण हुई थी। उन्होंने देवी सीता के आचरण, व्यवहार, साहस, आदर्श और सतीत्व जैसे गुणों को भारतीय नारी का सम्मान और शान -मान बताया।जिला अध्यक्ष सरिता गुप्ता ने कहा कि माता सीता प्रत्येक नारी का आदर्श हैं।
उन्होंने सती सीता द्वारा मर्यादा पालन, पति प्रेम, पति की आज्ञा पालन करते हुए नारी का उच्चतम आदर्श प्रस्तुत करते हुए जो सीख दी है वह अनुपम है और अद्वितीय है। किरन गर्ग ने कहा कि सती सीता का जन्म बैसाख शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को धरती की कोख से हुआ था। माता सीता ने अपने जीवन काल में जो आदर्श स्थापित किया वह प्रत्येक नारी का आभूषण है। और विश्व पटल पर अन्यत्र दुर्लभ है।इस अवसर पर भगवान श्री राम लक्ष्मण, हनुमान एवं देवी सीता का स्वरूप धारण कर बच्चों ने मनोहारी झांकी बनाई। जिसकी सामूहिक रूप से आरती की गई।
साधना गुप्ता, मधु, सुनीता गुप्ता, आयुषी, सुषमा, श्वेता रस्तोगी, रूपाली गुप्ता, सृष्टि, माही, सरोज, मुदिता, श्वेता तिवारी, सुनीता, नमिता, कुमुद आदि ने माता सीता के कार्य व्यवहार आचरण से प्रत्येक नारी समाज को शिक्षा लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सरिता गुप्ता ने की तथा संचालन गुंजा गुप्ता ने किया।