नए कप्तान की पहली बड़ी परीक्षा: सावन के आखिरी सोमवार से पहले विकास चंद्र त्रिपाठी ने संभाली सुरक्षा की कमान
सम्भल। जिले के नए पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी ने कार्यभार संभालने के बाद सावन के आखिरी सोमवार को लेकर पुलिस की तैयारियों को जमीन पर परखना शुरू कर दिया है। रविवार को उन्होंने सराय तरीन स्थित सिद्धपीठ पातालेश्वर मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ के दर्शन किए और मंदिर के महंत जुगल किशोर मिश्रा से सावन के अंतिम सोमवार को होने वाले जलाभिषेक एवं श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ के संबंध में विस्तार से जानकारी ली।
पुलिस अधीक्षक ने मंदिर प्रबंधन से श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की आवाजाही, जलाभिषेक की व्यवस्था तथा सुरक्षा संबंधी तैयारियों पर चर्चा की। उन्होंने यह भी जाना कि सोमवार को मंदिर आने वाले कांवड़ियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए किन व्यवस्थाओं की आवश्यकता है।
मंदिर के बाद सीधे सुरक्षा व्यवस्था की पड़ताल

पातालेश्वर मंदिर में व्यवस्थाओं की जानकारी लेने के बाद एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने जनपद की सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक जायजा लिया। उन्होंने कल्कि मंदिर और जामा मस्जिद पर तैनात पुलिस गार्द को चेक किया तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की सतर्कता और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए संवेदनशील स्थलों पर पूरी सतर्कता बरतने को कहा।
कांवड़ मार्ग पर पहुंचे नए कप्तान

इसके बाद एसपी ने सम्भल कस्बे में कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। मार्ग पर कांवड़ियों की आवाजाही, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
सावन के अंतिम सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और कांवड़ियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन के सामने यातायात नियंत्रण के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने की चुनौती है।
कंट्रोल रूम पहुंचकर देखी निगरानी व्यवस्था

एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने सत्यव्रत पुलिस चौकी स्थित पुलिस कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं, निगरानी प्रणाली और सूचनाओं के आदान-प्रदान की स्थिति को देखा।
उन्होंने अधिकारियों को कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए तथा किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
केके बिश्नोई के बाद नई जिम्मेदारी

हाल ही में हुए आईपीएस अधिकारियों के तबादले में सम्भल के तत्कालीन एसपी कृष्ण कुमार (केके बिश्नोई) को बिजनौर का पुलिस अधीक्षक बनाया गया, जबकि विकास चंद्र त्रिपाठी को सम्भल की कमान सौंपी गई।
