कांवड़ मेले में RPF की तत्परता: तेज बुखार से बेहोश 2 वर्षीय बच्चे को समय पर उपचार दिलाया
हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 के दौरान हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने ‘ऑपरेशन सेवा’ के तहत मानवीय संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए तेज बुखार के कारण बेहोश हुए दो वर्षीय बच्चे को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई और उपचार के बाद उसे सुरक्षित रूप से उसके परिजनों के साथ हरदोई रवाना कराया।

उत्तर रेलवे, मुरादाबाद मंडल की ओर से जारी जानकारी के अनुसार 5 अगस्त 2026 की रात करीब 9:15 बजे प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर कांवड़ मेला ड्यूटी में तैनात सहायक उप निरीक्षक जसबीर सिंह और RPSF कांस्टेबल मोहन पाल को एक महिला यात्री ने बताया कि उसका करीब दो वर्षीय पुत्र कृतक, पुत्र विजय कुशवाहा, निवासी ग्राम/पोस्ट पारा, जनपद हरदोई, तेज बुखार के कारण अचानक बेहोश हो गया है।
बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए RPF कर्मियों ने तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था कर बच्चे को उसकी मां के साथ मेला अस्पताल, हरिद्वार भेजा। अस्पताल में चिकित्सकों ने बच्चे का तत्काल उपचार शुरू किया। समय पर चिकित्सा सहायता मिलने के बाद बच्चे की स्थिति में सुधार हुआ और उपचार के पश्चात उसकी स्वास्थ्य स्थिति सामान्य हो गई।
चिकित्सकों की सलाह के बाद RPF कर्मी बच्चे और उसकी मां को वापस रेलवे स्टेशन लेकर आए। इसके बाद उन्हें ट्रेन संख्या 13010 दून एक्सप्रेस से सुरक्षित रूप से हरदोई के लिए रवाना किया गया।

बच्चे के परिवार ने RPF कर्मियों की तत्परता, सहयोग और मानवीय व्यवहार के लिए आभार व्यक्त किया। कांवड़ मेला-2026 को देखते हुए उत्तर रेलवे, मुरादाबाद मंडल द्वारा यात्रियों की सुरक्षा, सहायता और सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। RPF की यह कार्रवाई यात्रियों की मदद और सुरक्षित रेल यात्रा के प्रति रेलवे की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
