सिख समाज की बैठक में संगठन को मिली नई मजबूती, गुरप्रीत सिंह दुआ बने वरिष्ठ उपाध्यक्ष व पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कोऑर्डिनेटर

लव इंडिया, मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश सिख गुरुद्वारा कोऑर्डिनेशन कमेटी के तत्वावधान में गुरुवार को दिल्ली रोड स्थित क्लासिक बैंक्विट हॉल में सिख समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, समाज की विभिन्न समस्याओं के समाधान तथा युवाओं को सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों से जोड़ने पर विस्तृत चर्चा हुई।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व सदस्य एवं उत्तर प्रदेश सिख गुरुद्वारा कोऑर्डिनेशन कमेटी के अध्यक्ष सरदार परविंदर सिंह रहे, जबकि कार्यक्रम का आयोजन कमेटी के वरिष्ठ पदाधिकारी सरदार गुरप्रीत सिंह दुआ द्वारा किया गया।
बैठक के दौरान सरदार परविंदर सिंह ने मुरादाबाद में लंबे समय से सिख समाज की सेवा और संगठन को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाने वाले सरदार गुरप्रीत सिंह दुआ को उत्तर प्रदेश सिख गुरुद्वारा कोऑर्डिनेशन कमेटी का वरिष्ठ उपाध्यक्ष तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश का कोऑर्डिनेटर नियुक्त करने की घोषणा की। इस घोषणा का उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।
अपने संबोधन में सरदार परविंदर सिंह ने कहा कि समाज की समस्याओं का समाधान केवल संगठन की मजबूती और आपसी एकजुटता से ही संभव है। उन्होंने शिक्षा के प्रसार, युवाओं के मार्गदर्शन, गुरुद्वारों के विकास, धार्मिक गतिविधियों के बेहतर संचालन और समाज के अधिकारों से जुड़े विषयों पर विस्तार से विचार रखे। उन्होंने सभी से सामाजिक और मानवीय मूल्यों की रक्षा के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में विभिन्न गुरुद्वारों के प्रधानों एवं समाज के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और सुझावों को भी रखा। इन मुद्दों को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए सामूहिक प्रयास करने पर सहमति बनी। साथ ही युवाओं को शिक्षा, रोजगार, समाज सेवा और धार्मिक गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष बल दिया गया।कार्यक्रम के अंत में सरदार गुरप्रीत सिंह दुआ ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सरदार परविंदर सिंह और सरदार गुरप्रीत सिंह दुआ को समाज हित में उनके योगदान के लिए स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित भी किया गया।
