मुरादाबाद पहुंचे मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार, बीएलओ से किया सीधा संवाद
टीएमयू में चुनावी तैयारियों की समीक्षा, निर्वाचन प्रक्रिया को और प्रभावी बनाने पर दिया जोर

उमेश लव, लव इंडिया, मुरादाबाद। भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार बुधवार को मुरादाबाद पहुंचे। उन्होंने दिल्ली रोड स्थित टीएमयू (तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी) में आयोजित कार्यक्रम में बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) एवं निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों के साथ संवाद किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके उपरांत मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने BLOs एवं सुपरवाइज़र्स के साथ संवाद कर मतदाता सूची के शुद्धीकरण, निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं निष्पक्ष चुनाव के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कार्यक्रम में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने चुनावी तैयारियों, मतदाता सूची के अद्यतन, मतदान प्रक्रिया तथा निर्वाचन संबंधी कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने बीएलओ से उनके अनुभव, चुनौतियों और सुझावों को भी जाना तथा निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव कराने में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सटीक और मतदाता केंद्रित बनाने पर बल देते हुए अधिकारियों और बीएलओ को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बीएलओ और निर्वाचन विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त का स्वागत किया और जिले में चल रही निर्वाचन संबंधी तैयारियों की जानकारी दी। इस दौरान निर्वाचन कार्य से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में मुख्य निर्वाचन आयुक्त को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया तथा राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का गरिमामय समापन हुआ।

कार्यक्रम में मंडलायुक्त अंजनेय कुमार सिंह, पुलिस उपमहानिरीक्षक मुनिराज, जिलाधिकारी डॉ राजेंद्र पैंसिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल, नगर आयुक्त दिवयाशु पटेल सहित अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

